सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रीयल एक्सपो में उमड़ा जनसैलाब

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रश्नोत्तरी से विद्यार्थियों ने जीता दिल
उदयपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्पों को साकार करने के उद्देश्य से आरसीए मैदान में आयोजित चार दिवसीय ‘सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रीयल एक्सपो’ के दूसरे दिन शनिवार को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के दिशा-निर्देशन में आयोजित हो रहा यह अब तक का सबसे बड़ा एक्सपो केवल खरीदारी का व्यापारिक मेला मात्र न होकर, युवाओं, विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों के लिए ‘उद्यमिता की पाठशाला’ साबित हो रहा है। एक्सपो में एक तरफ जहाँ हाई-टेक औद्योगिक स्टॉल्स, उन्नत कृषि तकनीकें और पारंपरिक हस्तशिल्प आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ सामाजिक सरोकारों के तहत विद्यार्थियों द्वारा दी गई यातायात सुरक्षा की प्रस्तुतियों ने मेले में समां बांध दिया।
शनिवार को स्वदेशी मेले के मंच पर यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उदयपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के 700 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विशेष जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया। लगभग दो घंटे तक चले इस भावपूर्ण एवं संदेशप्रद कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, लघु नाटिका (नुक्कड़ नाटक) एवं अन्य मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के कड़ाई से पालन तथा दुर्घटनाओं से बचाव के महत्वपूर्ण संदेश दिए। विद्यार्थियों ने अपनी मंचीय कला के जरिए यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दर्दनाक दुर्घटनाओं, लापरवाही के दुष्परिणामों तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने की आवश्यकता को बेहद प्रभावी ढंग से उकेरा। कार्यक्रम का सफल संचालन ‘आधार संस्थान’ के नारायण ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए यातायात सुरक्षा पर एक विशेष प्रश्नोत्तरी (क्विज़) का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वदेशी एक्सपो की ओर से प्रश्नोत्तरी में सटीक उत्तर देने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा मंच पर उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ देने वाले विद्यार्थी समूहों को पुरस्कार एवं पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी ने मंच से यातायात सुरक्षा विषय पर अपना प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों का पालन करने, दोपहिया पर हेलमेट एवं चौपहिया में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा यातायात के प्रति निरंतर सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करके हम न केवल स्वयं को सेफ रख सकते हैं, बल्कि दूसरों का अनमोल जीवन भी बचा सकते हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
एक्सपो के प्रवक्ता डॉ. अवनीश व्यास ने बताया कि आरसीए मैदान में जयपुर और दिल्ली के कुशल कारीगरों द्वारा तीन विशाल और भव्य डोम तैयार किए गए हैं। ‘कुंभा सभागार डोम’ मेवाड़ की वीरगाथा और निर्माण कला को प्रदर्शित कर रहा है, जबकि ‘भामाशाह डोम’ दानवीरता और व्यापारिक निष्ठा की प्रेरणा दे रहा है। वहीं ‘अहिल्याबाई डोम’ पूरी तरह से महिला उद्यमिता और सशक्तीकरण को समर्पित है, जहाँ महिला स्टार्टअप्स के उत्पादों को विशेष मंच दिया गया है।
मेले में जहाँ एक ओर घुमंतू समाज के पारंपरिक हस्तशिल्प और गृह उद्योग की झलक देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर मेवाड़ के प्रमुख औद्योगिक घराने जैसे हिंदुस्तान जिंक, मिराज, पेस्टीसाइड इंडिया, लिब्रा, सिक्योर मीटर, वोलकेम और ओसावा ग्रुप अपनी तकनीकी उत्कृष्टता प्रदर्शित कर रहे हैं। ऑटोमोबाइल, आयुष, हेल्थकेयर, बिल्डिंग मटेरियल, फर्नीचर, ऑर्गेनिक फूड, सोलर, इलेक्ट्रिक, मेकेनिकल तथा एमपीयूएटी (MPUAT) की उन्नत कृषि तकनीकों से जुड़ी स्टॉल्स पर बी2बी (बिजनेस टू बिजनेस) और बी2सी (बिजनेस टू कस्टमर) व्यापारिक चर्चाओं का दौर दिनभर चलता रहा।
एक्सपो में फतह स्कूल से निःशुल्क ‘पिंक परी क्लब’ की महिला ई-रिक्शा चालकों की सेवा ने आगंतुकों को बेहद प्रभावित किया, जो महिला आत्मनिर्भरता का जीवंत उदाहरण पेश कर रही हैं। इसके अलावा बस टूरिस्ट एसोसिएशन और बिजली व्यापारी संघ के 50 से 100 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडलों ने विशेष रूप से मेले का भ्रमण कर स्वदेशी स्टॉल्स का अवलोकन किया।
खान-पान के शौकीनों के लिए चित्तौड़गढ़ की प्रसिद्ध सीताफल की रबड़ी, श्रीअन्न (मिलेट्स) से बने उत्पाद और विशेष ‘शुगर-फ्री जामुन कैंडी’ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है ।
स्वदेशी मेले में आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह आगंतुकों के बीच खासा लोकप्रिय है और लोग यहाँ उत्साहपूर्वक तस्वीरें लेकर मेले की यादों को संजो रहे हैं।
-मेला संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि रविवार, 4 अक्टूबर को ‘आर्ट एवं सोशल अवेयरनेस’ कार्यक्रम के तहत ‘अर्बन स्केचर’ समूह कैनवास और लाइव पेंटिंग के जरिये सामाजिक चेतना का संदेश देगा। वहीं 5 अक्टूबर को ‘वर्ल्ड आर्किटेक्चर डे’ के अवसर पर प्रधानमंत्री के मूल मंत्र ‘विरासत भी—विकास भी’ विषय पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के साथ एक विशेष परिचर्चा आयोजित की जाएगी। यह चार दिवसीय एक्सपो 5 अक्टूबर तक आमजन और भावी उद्यमियों के लिए खुला रहेगा।
जोशी ने बताया कि समापन समारोह में राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा मुख्य अतिथि होंगे। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, उपमहापौर दिनेश भट्ट व भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली विशिष्ट अतिथि होंगे।