पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, उमरड़ा की उपलब्धि
उदयपुर । चोमू पैलेस, चोमू (जयपुर) में आयोजित राजपुलमोकॉन 2026 में पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, पिम्स उमरड़ा, उदयपुर के पल्मोनोलॉजी विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉ. अमन अग्रवाल ने ई-पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।

डॉ. अमन अग्रवाल ने सम्मेलन में “मेलियोइडोसिस: एक दुर्लभ केस प्रस्तुति” (Melioidosis: A Rare Case Presentation) विषय पर अपना ई-पोस्टर प्रस्तुत किया। मेलियोडोसिस Burkholderia pseudomallei नामक जीवाणु से होने वाला एक दुर्लभ एवं गंभीर संक्रामक रोग है, जो फेफड़ों सहित शरीर के विभिन्न अंगों को प्रभावित कर सकता है। इसके लक्षण अन्य संक्रामक एवं श्वसन रोगों से मिलते-जुलते होने के कारण इसका निदान चुनौतीपूर्ण हो सकता है। केस प्रस्तुति में रोग के नैदानिक पहलुओं, जांच, निदान एवं उपचार को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे सम्मेलन में उपस्थित विशेषज्ञों एवं निर्णायकों द्वारा सराहा गया।
डॉ. अमन अग्रवाल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों डॉ. मयूर देवराज, डॉ. राजू कोटा, डॉ. सान्निध्य टाक, डॉ. करण राज एवं डॉ. अनिरुद्ध एरोन के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मेरे सभी गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन का परिणाम है। चिकित्सा क्षेत्र में शोध एवं केस रिपोर्टिंग के माध्यम से योगदान देने का मेरा प्रयास आगे भी जारी रहेगा। इस उपलब्धि पर पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज परिवार, विभागीय सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं मित्रों ने डॉ. अमन अग्रवाल को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
