उदयपुर। होटल एसोसिएशन, उदयपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथग्रहण समारोह रामी रॉयल, बलीचा, अहमदाबाद हाईवे, उदयपुर में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर होटल व्यवसाय से जुड़े वरिष्ठ उद्यमी, पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में होटल एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि उदयपुर की पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी को समन्वय एवं नवाचार के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि एसोसिएशन उद्योग के हितों की प्रभावी पैरवी करते हुए पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की भावी कार्ययोजना से अवगत कराया। वहीं सचिव विकास पोरवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा होटल एवं पर्यटन उद्योग के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।

