उदयपुर। गीतांजली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, गीतांजली विश्वविद्यालय, उदयपुर के द्वारा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित दो अग्रणी फार्मास्युटिकल कंपनियों – यूनिकेम लेबोरेटरीज लिमिटेड एवं जाइडस लाइफसाइंसेस लिमिटेड का दौरा किया।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ औद्योगिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा छात्रों को विभिन्न विभागों जैसे उत्पादन प्रबंधन (Production Management), गुणवत्ता नियंत्रण (Quality Control), गुणवत्ता आश्वासन (Quality Assurance) एवं अनुसंधान प्रयोगशालाओं का विस्तृत भ्रमण कराया गया।
इस दौरान छात्रों को औषधि निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया – कच्चे माल की जांच, टैबलेट एवं सिरप का फॉर्मूलेशन, ग्रैन्यूलेशन, कंप्रेशन, कोटिंग तथा स्ट्रिप पैकेजिंग तक की आधुनिक स्वचालित मशीनरी की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया गया। साथ ही, Good Manufacturing Practices (GMP) एवं Current Good Manufacturing Practices (cGMP) के तहत उत्पादन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस शैक्षणिक दौरे में फार्मेसी के कुल 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरे का सफल आयोजन एवं प्रबंधन टूर कॉर्डिनेटर्स डॉ. कल्पेश गौर, डॉ. बविता गौर, डॉ. नरेंद्र भीमराज परिहार, डॉ. चेतन मालवीय एवं श्रीमती मोनिका वर्मा द्वारा किया गया। संस्थान प्रबंधन ने दोनों कंपनियों के प्रबंधन का विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
गीतांजली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी का हिमाचल प्रदेश के बद्दी में शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण
