जीवन के तार न अधिक कसें, न ढीले छोड़ें : प्रशांत अग्रवाल

उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कथा में भगवान बुद्ध के जीवन, बोध प्राप्ति और लोककल्याणकारी शिक्षाओं का प्रेरक प्रसंग सुनाया गया। अग्रवाल ने कहा कि जीवन में संतुलन ही सुख और शांति का आधार है। जीवन के तार न अधिक कसने चाहिए और न इतने ढीले छोड़ने चाहिए कि उनकी मधुरता ही खो जाए। भगवान बुद्ध का मध्यम मार्ग इसी संतुलित जीवन की सीख देता है।


उन्होंने बताया कि कठिन साधना से बोध प्राप्ति के बाद बुद्ध ने मानव कल्याण के लिए अपने अनुभव जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कमल के फूलों के उदाहरण से उन्होंने समझा कि संसार में अलग-अलग स्तर की समझ रखने वाले लोग हैं, जिन्हें उचित मार्गदर्शन से सत्य का बोध कराया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने सारनाथ के मृगवन में अपने पाँच पूर्व तपस्वी साथियों को पहला उपदेश दिया, जिसे धर्मचक्र प्रवर्तन कहा जाता है।
अग्रवाल ने बुद्ध के चार आर्य सत्यों और आर्य अष्टांगिक मार्ग की व्याख्या करते हुए सम्यक् दृष्टि, संकल्प, वाणी, कर्म, आजीविका, प्रयास, स्मृति और समाधि को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। यश नामक धनवान युवक के प्रसंग के माध्यम से बताया कि वास्तविक सुख भौतिक वैभव में नहीं, बल्कि आत्मबोध और लोककल्याण की भावना में निहित है। बुद्ध ने अपने शिष्यों को अलग-अलग दिशाओं में जाकर मानवता और कल्याण का संदेश प्रसारित करने की प्रेरणा दी।
कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर दिव्यांगजनों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं को सुना गया।