उदयपुर : श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं राजस्थान में कयाकिंग खेल को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी राजस्थान कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन को आठ स्प्रिंट कयाक नौकाएँ भेंट कीं। सिटी पैलेस, उदयपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इन नौकाओं का विधिवत उद्घाटन कर एसोसिएशन को समर्पित किया गया।
महाराणा मेवाड़ चौरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की इस पहल का उद्देश्य कयाकिंग एवं कैनोइंग खेल से जुड़े खिलाड़ियों को आधुनिक एवं बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। इन आठ स्प्रिंट कयाक नौकाओं की उपलब्धता से राजस्थान के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि महाराणा मेवाड़ चौरिटेबल फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2025 में भी राजस्थान कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन को 16 नौकाएँ भेंट की गई थीं। इस वर्ष प्रदान की गई आठ नौकाओं के साथ फाउंडेशन द्वारा अब तक कुल 24 नौकाएँ उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इन संसाधनों का लाभ उठाकर खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स 2026 एवं नेशनल चौंपियनशिप में कुल 3 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। खिलाड़ियों की ये उपलब्धियाँ न केवल राजस्थान, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय हैं।
कार्यक्रम में राजस्थान कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव, सचिव दिलीप सिंह चौहान, उपाध्यक्ष महेश पिम्पलकर, चौयरमेन अजय अग्रवाल, सदस्य दीपेंद्र सिंह चौहान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक गुप्ता, प्रशिक्षक नितिन बिष्ट, सदस्य रणवीर सिंह, मयंक, एथलीट्स आदि सम्मिलित हुए।
खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन की दिशा में एक और योगदान, डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने भेंट की आठ स्प्रिंट कयाक नौकाएँ
