प्रबुद्धजनों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत, पुराने सदाबहार गीतों पर झूमे समाजजन
उदयपुर। संस्कार भवन सम्पत्ति व्यवस्था ट्रस्ट की ओर से दीपावली के उपलक्ष्य में स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। संस्कार भवन में आयोजित इस समारोह में श्रीमाली समाज के प्रबुद्धजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में आयोजित संगीत संध्या आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसमें गायक कलाकारों के साथ समाज की छिपी हुई प्रतिभाओं ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में पुराने सदाबहार फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को संगीतमय बना दिया। समाज के सदस्यों ने अपनी गायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत की धुनों के बीच सभी ने दीपावली की खुशियां साझा की और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
संस्कार भवन सम्पत्ति व्यवस्था ट्रस्ट के अध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली ने बताया कि दीपावली के बाद समाजजनों को एक मंच पर लाने और आपसी स्नेह, सद्भाव एवं पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से इस स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता बढ़ाने के साथ ही आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाते हैं। कार्यक्रम में समाज के प्रसिद्ध गायक सूर्यप्रकाश श्रीमाली ने अपने नगमों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह में उदयपुर शहर के अतिरिक्त जिला कलक्टर जितेन्द्र ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, श्रमिक नेता जगदीशराज श्रीमाली, श्रीमाली समाज से निर्वाचित एकमात्र पार्षद जतिन श्रीमाली, बार कौंसिल ऑफ़ इंडिया के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली और पूर्व नेता प्रतिपक्ष दिनेश श्रीमाली सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रशासनिक, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का स्वरूप पूरी तरह पारिवारिक एवं आत्मीय रहा। समाज के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और स्नेह भोज में भाग लिया। अंत में सभी ने आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए समारोह का समापन किया।
संस्कार भवन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह, संगीत संध्या में समाज की प्रतिभाओं ने बांधा समां
