उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक के जिंक स्मेल्टर देबारी द्वारा सीएसआर के तहत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी मीडियम, डबोक में दो नए कक्षा-कक्षों, बरामदा और पेयजल हेतु जलघर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। यह परियोजना विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप कक्षाओं की आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे 400 से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जिंक स्मेल्टर देबारी एसबीयू डायरेक्टर अमीत वाली, फाइनेंस हेड नरेश अग्रवाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी आदित्य ठाकुर, हेड सीएसआर रुचिका चावला तथा अन्य अधिकारी, सीबीईओ मावली प्रेरणा नौसालिया, डबोक सरपंच ललित पालीवाल, उपसरपंच डबोक – वीरेंद्र पालीवाल, पूर्व सरपंच डबोक भगवतीलाल पाटीदार, विद्यालय प्रधानाचार्य निधि शर्मा सहित विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने कहा कि कंपनी शिक्षा, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य सेवाओं और आजीविका विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर निवेश कर समुदायों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करा आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
