मरीजों की मुस्कान के पीछे नर्सेज का समर्पण : डाॅ. कीर्ति जैन

अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे पर जीबीएच हाॅस्पिटल्स में सेवा, सम्मान और उत्साह का संगम
उदयपुर।
सफेद यूनिफाॅर्म में सजी संवेदनाओं की मिसाल नर्सों के सम्मान में मंगलवार को जीबीएच अमेरिकन हाॅस्पिटल एवं जीबीएच जनरल व कैंसर हाॅस्पिटल में अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे भावपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में मरीजों की सेवा में दिन-रात जुटी नर्सों के समर्पण, धैर्य और मानवता को सलाम किया गया।
जीबीएच अमेरिकन हाॅस्पिटल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ कार्डयिोलाॅजिस्ट डाॅ. एसके कौशिक रहे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज को सबसे पहले भरोसा नर्स से मिलता है। नर्स केवल दवाइयां नहीं देती, बल्कि मरीज को मानसिक संबल और उम्मीद भी देती है। कार्यक्रम में फायनेंस डायरेक्टर नितिन जैन एवं सीओओ गर्वित भारती ने भी नर्सिंग स्टाफ की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सें जिस समर्पण के साथ कार्य करती हैं, वह प्रेरणादायी है।

Creative from India to the World


जीबीएच जनरल एवं कैंसर हाॅस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में चेयरमैन डाॅ. कीर्ति कुमार जैन की ओर से प्रेषित संदेश पढ़कर सुनाया गया। संदेश में कहा गया कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। मरीज की पीड़ा को समझकर उसे मुस्कान देना ही नर्सों की सबसे बड़ी पहचान है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले नर्सिंग स्टाफ को वरिष्ठ न्यूरोलाॅजिस्ट डाॅ. रेणु खमेसरा, सर्जन डाॅ. संगीता तिवारी, ग्रुप डायरेक्टर डाॅ. आनंद झा एवं डायरेक्टर डाॅ. सुरभि पोरवाल द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नर्सेज ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। गीत, नृत्य और प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया। पूरा आयोजन नर्सिंग स्टाफ के प्रति सम्मान, गर्व और आभार की भावना से सराबोर नजर आया।