उदयपुर। श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था, मेवाड़ द्वारा लगातार दूसरे वर्ष ग्रीष्मकालीन संस्कार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। नौ दिवसीय यह शिविर 6 जून से 14 जून तक उदयपुर के टाइगर हिल स्थित संस्कार भवन में आयोजित होगा। शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविर के सफल संचालन के लिए कुंदन लाल श्रीमाली को संयोजक तथा प्रदीप श्रीमाली को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
समाज के अध्यक्ष दिग्विजय श्रीमाली ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के बच्चों और युवाओं को भारतीय सनातन संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना है। वर्तमान समय में जहां अधिकांश समर कैंप्स में मनोरंजन और आधुनिक गतिविधियों पर जोर दिया जाता है, वहीं समाज ने बच्चों में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना विकसित करने की दिशा में यह विशेष पहल की है। शिविर में समाज के बच्चों के साथ-साथ पुरुष और महिलाएं भी नि:शुल्क भाग ले सकेंगे। शिविर के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा पद्धति, ज्योतिष ज्ञान एवं भारतीय संस्कारों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी समाज के विद्वान सदस्य प्रदान करेंगे।
समाज का मानना है कि ऐसे संस्कार शिविर बच्चों और युवाओं में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य के साथ संस्था द्वारा यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया जा रहा है।

