टेलीविजन की बदलती संस्कृति में भाषा, संवेदना और जनहित बचाने पर जोर

जयपुर। तकनीक ने दर्शकों को अपनी पसंद के कार्यक्रम चुनने की स्वतंत्रता दी है, लेकिन प्रसारण में भाषा की मर्यादा, मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी बनाए रखना आवश्यक है। विश्व टेलीविजन दिवस की पूर्व संध्या (20 नवंबर) पर आयोजित 245वीं वेबिनार में प्रसारण विशेषज्ञों ने यह विचार व्यक्त किए। कम्युनिकेशन टुडे और भारतीय विद्यापीठ, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित परिचर्चा का विषय ‘बदलती टेलीविजन संस्कृति — तकनीक, कहानियाँ और समाज’ था।

आकाशवाणी के पूर्व उप महानिदेशक लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के विस्तार से दर्शकों की पसंद का लोकतंत्रीकरण हुआ है। अब किसी एक चैनल का एकाधिकार नहीं रहा। लोग अपनी रुचि और सुविधा के अनुसार सामग्री चुन रहे हैं। उन्होंने सामूहिक रूप से टेलीविजन देखने के दौर को याद करते हुए बताया कि कभी मोहल्ले के लोग एक स्थान पर जुटकर फिल्में, ‘चित्रहार’ और धारावाहिक देखते थे। अब व्यक्तिगत पसंद और अनेक विकल्पों ने देखने की संस्कृति बदल दी है।

वाजपेयी ने प्रसारण की भाषा और समाचार चैनलों की बहसों के स्तर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और प्रदूषण जैसे विषयों पर गंभीर विमर्श बढ़ना चाहिए। एफएम गोल्ड के अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने अच्छी भाषा, स्पष्ट उच्चारण और जनहित के कार्यक्रमों की उपयोगिता रेखांकित की।

उन्होंने कहा कि अच्छी सामग्री के दर्शक आज भी मौजूद हैं। संवेदनशील विषयों पर बनी लघु फिल्मों को मिलने वाला प्रतिसाद इसका उदाहरण है। बच्चों के लिए रचनात्मक कार्यक्रमों और प्रतिभा को अभिव्यक्ति देने वाले मंचों की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने प्रसारण संस्थानों में पेशेवर दृष्टि तथा सांस्कृतिक समझ को महत्त्व देने पर जोर दिया।

दूरदर्शन, दिल्ली के पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम निदेशक डॉ. अमरनाथ अमर ने दूरदर्शन की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि नागरिक जागरूकता से शुरू हुए प्रसारण में कृषि, विज्ञान, स्वास्थ्य, साहित्य और विभिन्न सामाजिक समूहों के कार्यक्रम जुड़े। भारतीय भाषाओं, क्षेत्रीय संस्कृतियों और विविध जीवन-अनुभवों को दर्शकों तक पहुँचाने में दूरदर्शन ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डॉ. अमर ने साहित्यिक कृतियों पर आधारित धारावाहिकों और फिल्मों की परंपरा को महत्त्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि साहित्यकारों की रचनाओं को दृश्य माध्यम में प्रस्तुत करने से व्यापक दर्शक समुदाय उनसे जुड़ा। प्रायोजित कार्यक्रमों और निजी चैनलों के आगमन के साथ कार्यक्रम निर्माण, विषय चयन तथा व्यावसायिक अपेक्षाओं में आए बदलावों की भी उन्होंने चर्चा की।

मोबाइल और लघु वीडियो के विस्तार पर डॉ. अमर ने कहा कि बच्चों के लिए उपयुक्त सामग्री का चयन और मीडिया को समझने की क्षमता विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विज्ञापनों से उपभोक्तावादी आकांक्षाओं तथा सौंदर्य की धारणाओं पर पड़ने वाले प्रभावों और घरों में पुस्तकों एवं पढ़ने की संस्कृति के लिए जगह बनाए रखने की आवश्यकता पर भी विचार रखे।

राजस्थान विश्वविद्यालय के जनसंचार केंद्र के पूर्व अध्यक्ष एवं कम्युनिकेशन टुडे के संपादक प्रो. संजीव भानावत ने कहा कि तकनीकी बदलावों के बीच बच्चों और युवाओं को सही दिशा देने में परिवार तथा शिक्षण संस्थानों की भूमिका महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने प्रश्नोत्तर शैली में परिचर्चा का संचालन किया। चर्चा में मेरठ के मीडिया शिक्षक
चर्चा में मेरठ के मीडिया शिक्षक डॉ. सूरज देव प्रसाद ने भी हस्तक्षेप किया।

भारतीय विद्यापीठ के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर श्रीकांत सिंह ने वक्ताओं को ई-बुके और ई-स्मृतिचिह्न भेंट किए। आयोजन की सफलता में जयंत राठी, पुष्पेंद्र सिंह, प्रियंका सिंह (भारती विद्यापीठ) तथा डॉ. पृथ्वी सेंगर (आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।