पांच दिवसीय दीपोत्सव का हुआ समापन, माता को अर्पित किया अन्नकूट का भोग
उदयपुर : भटियाणी चौहट्टा स्थित माता महालक्ष्मी मंदिर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन भी हुआ। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। खेखरे के दिन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोवर्धन पूजा की।
श्रीमाली जाति संपत्ति व्यवस्था ट्रस्ट के ट्रस्टी जतिन श्रीमाली ने बताया कि शाम को मंदिर में अन्नकूट महोत्सव के तहत माता महालक्ष्मी को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया। इसके बाद अन्नकूट की महाआरती का आयोजन हुआ। प्रेमशंकर बोहरा द्वारा अन्नकूट की महाआरती की गई। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर माता महालक्ष्मी के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान श्रीमाली जाति संपत्ति व्यवस्था ट्रस्ट के अध्यक्ष भगवतीलाल दशोत्तर, जयप्रकाश श्रीमाली, मधुसूदन बोहरा, दिनेश लटावत, हेमेंद्र जगनवत, जमनालाल ओझा, जगदीश ओझा, गणेश श्रीमाली, राजेंद्र श्रीमाली, जयेश श्रीमाली, रोहन श्रीमाली, महेंद्र श्रीमाली, दर्शन श्रीमाली, विरल श्रीमाली, हित श्रीमाली, भूपेंद्र श्रीमाली सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
माता महालक्ष्मी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु
