गीतांजलि श्वसन रोग विभाग के चिकित्सक को उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित FICS फेलोशिप से सम्मानित

नैपकॉन-2026 के दीक्षांत समारोह में इंडियन चेस्ट सोसायटी ने प्रदान की प्रतिष्ठित फेलोशिप
उदयपुर।
श्वसन रोग चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों और चिकित्सा शिक्षा एवं जनजागरूकता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के लिए उदयपुर के प्रसिद्ध श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषि कुमार शर्मा को इंडियन चेस्ट सोसायटी की प्रतिष्ठित फेलोशिप ‘फेलो ऑफ द इंडियन चेस्ट सोसायटी’ (FICS) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 30 अक्टूबर 2026 को कोलकाता में आयोजित श्वसन रोगों के राष्ट्रीय सम्मेलन नैपकॉन-2026 (नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन पल्मोनरी डिजीजेज) के दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया।
इंडियन चेस्ट सोसायटी देश में श्वसन रोग विशेषज्ञों की अग्रणी राष्ट्रीय संस्था है। इसकी प्रतिष्ठित फेलोशिप उन चिकित्सकों को प्रदान की जाती है, जिन्होंने रेस्पिरेटरी मेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों तथा चिकित्सा पेशे के प्रति निरंतर समर्पण और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की हो। यह फेलोशिप चिकित्सा क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान और उपलब्धियों का सम्मान मानी जाती है।
डॉ. ऋषि कुमार शर्मा वर्तमान में गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वे पिछले 17 वर्षों से विभिन्न श्वसन रोगों के निदान एवं उपचार के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वे चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सकों के प्रशिक्षण और श्वसन रोगों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत के सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।