उदयपुर : शिक्षण, शोध और आईटी के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए राजस्थान विद्यापीठ के डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी को ड्रॉप ऑफ चेंज संस्था द्वारा सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उनके नवाचारी कार्यों और शैक्षणिक जगत में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के लिए दिया गया।
प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए संस्था के संस्थापक शुभम सक्सेना ने डॉ. छतलानी के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. छतलानी की विशेषज्ञता और तकनीकी कौशल न केवल शैक्षणिक जगत के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
डॉ. छतलानी ने अपने करियर में अब तक 150 से अधिक सॉफ्टवेयर और वेबसाइट्स विकसित की हैं। वे 29 पुस्तकों के लेखक और संपादक रहे हैं। साथ ही, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके 50 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। डॉ. छतलानी ने विभिन्न क्षेत्रों में 1500 से अधिक प्रमाणपत्र अर्जित किए हैं तकनीकी विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे एक संवेदनशील साहित्यकार भी हैं, जो अपनी कविताओं और लघुकथाओं के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत करने का कार्य कर रहे हैं।

