श्री गणेश चतुर्थी पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किए श्री सुन्दरी विनायक और श्री पाला गणेश जी के दर्शन

उदयपुर। 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने श्री गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के अवसर पर उदयपुर के कालाजी-गोराजी स्थित प्राचीन मंदिर श्री सुन्दरी विनायकजी एवं दुध तलाई मार्ग स्थित श्री पाला गणेशजी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
श्रीजी हुजूर ने अपने सुपुत्र महाराज कुमार हरितराज सिंह मेवाड़ के संग विनायकजी के दर्शन कर भगवान गणेश को श्रीफल, पुष्पमाला, फल, प्रसाद एवं भेंट अर्पित की तथा मेवाड़ की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पुजारी परिवार ने श्रीजी हुजूर और महाराज कुमार का आत्मीय एवं भावपूर्ण स्वागत किया और राजपरंपरा के अनुरूप उन्हें आशिका प्रदान की गई। श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति पूर्ण वातावरण में भक्तगणों ने गजानंद जी महाराज के जयकारे लगाए।