चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। खुद को तांत्रिक बताकर राजा-महाराजा काल का जमीन में दबा खजाना ढूंढने का लालच देकर ग्रामीणों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सदर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी डिटेक्टर मशीन लेकर किले के आसपास सुनसान जगहों पर सोना खोजने का नाटक करते थे और भोले-भाले ग्रामीणों को खजाना मिलने का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठने की फिराक में थे। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस थाना सदर को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश के मंदसौर क्षेत्र से आए कुछ लोग खुद को तांत्रिक बताकर चित्तौड़गढ़ शहर व आसपास के गांवों में घूम रहे हैं। ये लोग ग्रामीणों को बताते थे कि किले के आसपास पुराने मंदिरों, छतरियों और सुनसान जगहों पर राजा-महाराजाओं के समय का खजाना जमीन में दबा हुआ है और उनके पास ऐसी विशेष मशीन व तांत्रिक विद्या है जिससे वे उसे खोज सकते हैं। सूचना मिलते ही थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कोटा रोड स्थित किले के पीछे ओछड़ी पुलिया के पास दबिश दी। यहां सुनसान जगह पर पुरानी बंद गुमटियों के पास चार संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। उनमें से एक व्यक्ति हाथ में डिटेक्टर मशीन लेकर जमीन पर घुमाते हुए सोना ढूंढने का नाटक कर रहा था। पुलिस को देखते ही चारों आरोपी घबराकर गुमटियों और ढाबों की आड़ में छिपने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को जमीन में दबा खजाना ढूंढने वाला बताया। जब पुलिस ने ग्रामीणों को सोना मिलने का झांसा देकर ठगी करने के बारे में सवाल किए तो आरोपी बौखला गए। इस पर पुलिस ने मौके पर ही चारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल सोनी पुत्र शिवनारायण सोनी निवासी विवेकान्द नगर मास्टर कोलीनी आगरमालाव थाना आगर जिला आगर एंव उसके अन्य साथी सलीम अहमद पुत्र शकील अहमद शेख निवासी सुवासरा, मुकेश पुत्र कंवरलाल नाथ बावजी निवासी जस्सा खेडी व हीरालाल पुत्र बगदीराम मीणा निवासी केली निम्बाहैडा शामिल थे। पुलिस ने उनके कब्जे से कथित डिटेक्टर मशीन भी जब्त की है। कार्रवाई में पुलिस टीम के एएसआई मुरलीदास सउनि, कानि. हेमवृत सिंह, डूंगर सिंह, नरेन्द्र सिंह व हेमेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने क्षेत्र में कितने लोगों को किले के खजाने का सपना दिखाकर ठगने की कोशिश की।
Related Posts
हिंदुस्तान जिंक के डिजिटल मेटल कारोबार में 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी, उद्योगों की खरीद प्रक्रिया में बड़ा बदलाव
“ZINC FOOTBALL HAS ALL THE INGREDIENTS FOR SUCCESS”, SAYS FORMER INDIA CAPTAIN VICTOR AMALRAJ
