उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के लियों का गुड़ा स्थित सेवा महातीर्थ में बुधवार को पूर्णिमा महोत्सव गणपति एवं महर्षि वेदव्यास के पूजन के साथ उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थापक कैलाश ‘मानव’ का अभिनंदन प्रखर शिष्य एवं अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, सह-संस्थापिका कमला देवी अग्रवाल, निदेशक वंदना अग्रवाल, निदेशक पलक अग्रवाल, ट्रस्टी जगदीश आर्य एवं ट्रस्टी देवेन्द्र चौबीसा द्वारा किया गया। इस मौके पर विभिन्न राज्यों से आए संस्थान की सहयोगी शाखाओं के प्रभारी, साधक-साधिकाएं तथा श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का देशभर में ‘आस्था’ चैनल के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया। इस अवसर पर प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन मनुष्य के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा जीवन की अनेक बाधाओं को दूर करने का मार्ग प्रशस्त करता है। अपने आशीर्वचन में कैलाश ‘मानव’ ने अपने गुरु एवं गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा को नमन करते हुए कहा कि मनुष्य जन्म अनेक जन्मों के पुण्यों का फल है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सदैव परोपकार और सेवा के मार्ग पर चलते रहना चाहिए। कई शिष्यों ने अपने विचार प्रकट किए। संयोजन महिम जैन ने किया।

