चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा)। पुलिस थाना राशमी द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए खेत मे गन्ने की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश करते हुए 5317 अफीम के पौधे जब्त कर खेत मालिक को गिरफतार किया है। 431 किलो 460 ग्राम वजन अफीम के पौधे एवं अफीम डोडा की चीरा लगा निकाली गई अफीम 780 ग्राम को जब्त किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस के खास मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि राशमी थाना क्षेत्र के गांव भालोटा की खैडी में शोभालाल पुत्र मांगी लाल जाट के खेत पर गन्ना की फसल के बीच में अवैध अफीम की खेती बो रखी है। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर नशे के विरूद्ध चलाये जा रहे विशेष ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों के भंडारण, अवैध खेती एवं परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध अधिकाधिक कार्यवाही करने हेतु एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राशमी रतन सिंह, एएसआई देवी लाल, कानि. रमेश विश्नोई, विनोद कुमार, नानू लाल, परमेश्वर, अनील कुमार, दीपक कुमार, अर्जुन लाल, गोविन्द कुमार, सावरमल व सुमित्रा के साथ मुखबिर की सूचना अनुसार राशमी थाना क्षेत्र के गांव भालोटा की खैडी पहुंचे। जहाँ खेत पर गेंहू, चना व गन्ने की फसल बोई हुई थी, गन्ने की ऊंची फसल के बीच अवैध अफीम बोई हुई मिली। क्षेत्र के पटवारी के समक्ष खेत से अवैध अफीम के 5317 पौधे वजन 431 किलो 460 ग्राम व अफीम डोडा की चीरा लगा निकाली गई 780 ग्राम अफीम को जब्त किया गया। अफीम के डोडा चीरा लगाने की नुका व लुवाई करने का छरपला को मौके से जब्त किया गया। मामले में खेत मालिक शोभालाल पुत्र मांगी लाल जाट निवासी भालोटा की खैडी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपी शोभालाल जाट की करीब 20-25 बीघा उक्त कृषि भूमि सीलिंग एक्ट में चली गई थी, जिस पर वह प्रत्येक वर्ष फसल बोता आ रहा हैं। प्रारम्भिक पूछताछ में इससे पूर्व भी आरोपी ने गन्ने की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती की है। वर्तमान में भी आरोपी ने गन्ने की फसल के बीच कपड़ा बांध कर अफीम बो रखी थी, जिससे उसने चिराई और लुराई भी चालू कर दी थी।
गन्ने की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, 5317 अफीम के पौधे जब्त, खेत मालिक गिरफ्तार
