लेकसिटी की बनिता मुरलिया ने जीता खिताब

मिसेज इंडिया क्वीन सीजन-4 में अनस्टॉपेबल ब्यूटी’ का खिताब जीतने वाली वनिता बोली-सपनों को पूरा करने के लिए उम्र या परिस्थितियां कभी बाधा नहीं बननी चाहिए

उदयपुर।
उदयपुर शहर की बनिता मुरलिया ने मुंबई में आयोजित ‘मिसेज इंडिया क्वीन सीजन-4’ में ‘अनस्टॉपेबल ब्यूटी’ का खिताब जीता। बनिता मुरलिया ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सौंदर्य एवं व्यक्तित्व प्रतियोगिता ‘मिसेज इंडिया क्वीन सीजन-4’ में शानदार प्रदर्शन कर उदयपुर शहर का नाम रोशन किया। शहर के नवरत्न कॉम्पलेक्स में रहने वाली बनिता ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए शुरूआत में मुंबई में करीब तीन से चार राउंड हुए थे और उसमें से वह चयनित हुई। इसके बाद श्रीलंका में सेमीफाइनल राउंड हुए। इसके बाद मुंबई में भव्य ग्रैंड फिनाले हुआ जिसमें बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने बतौर सेलिब्रिटी अतिथि शिरकत की और महिला सशक्तिकरण के विचारों को साझा किया।
प्रतियोगिता के अंतिम चरण में झीलों की नगरी उदयपुर की बनिता मुरलिया ने अपने प्रभावशाली व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रेरणादायक जीवन यात्रा से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। उनकी इस उपलब्धि से उदयपुर शहर गौरवान्वित हुआ है। प्रतियोगिता में महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व को परखने के विभिन्न चरण आयोजित किए गए, जिनमें बनिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बनिता मुरलिया ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं केवल बाहरी सुंदरता तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि महिलाओं की आंतरिक शक्ति, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को सामने लाने का सशक्त मंच होती हैं। उन्होंने कहा कि हर महिला के भीतर विशेष प्रतिभा और क्षमता होती है, जिसे सही अवसर मिलने पर दुनिया के सामने लाया जा सकता है।
उन्होंने महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपनों को पूरा करने के लिए उम्र या परिस्थितियां कभी बाधा नहीं बननी चाहिए। यदि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प हो तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है और बिना किसी डर या संकोच के अपने सपनों को पूरा करना चाहिए।

Creative from India to the World