चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। भारत की महिलाओं और बेटियों को संसद में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय राजनीति में एक बड़े परिवर्तन का संकेत है। इसी को लेकर प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वीणा दशोरा के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा रोडवेज बस स्टैंड से भव्य वाहन रैली निकाली गई। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के अंतर्गत रोडवेज बस स्टैंड से कलेक्ट्रेट चौराहे तक नारी शक्ति वंदन पदयात्रा एवं धन्यवाद मार्च भी आयोजित किया गया, जिसमें नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति जैसे जोशीले नारों से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने भी हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर महिला मोर्चा का उत्साहवर्धन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं में आत्मविश्वास का नया संचार करेगा और उन्हें नई ऊर्जा प्रदान करेगा। नारी शक्ति वंदन जैसा नाम ही महिलाओं के सम्मान, गौरव और स्वाभिमान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक कदम आने वाली कई पीढ़ियों तक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक और क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दशोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण बिल लाना एक ऐतिहासिक, साहसिक और दूरदर्शी निर्णय है। यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को सम्मान, अधिकार और समान भागीदारी देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि विधानसभा और संसद में बैठकर देश के विकास और नीति निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में जिला मंत्री संजू लड्ढा, जिला महामंत्री मंजू पितलिया, प्रेमलता गोस्वामी, सुधा जागेटिया, मीनू कंवर सोलंकी, रेनू मिश्रा, सुनीता शर्मा, ममता कुंवर, अंजना गोस्वामी, ज्योति साहू, मधु नुवाल, माया सोनी, उपासना दशोरा, प्रीति दाढ़, सुमित्रा तोषनीवाल, रेखा मालू, रेखा विजयवर्गीय, मीनाक्षी जागेटिया, राधा जागेटिया, किरण पोरवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

