उदयपुर : साईं तिरुपति विश्विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना सेल एवं पैसिफिक इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में भारतीय संस्कृति, आस्था, स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शन एवं व्याख्यान का आयोजन भी किया गया, जिसके माध्यम से स्वयंसेवकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता एवं सेवा भावना के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान एवं सांस्कृतिक संदेश अभियान का आयोजन किया गया। डॉ. अभिषेक मुखर्जी ने “सोमनाथ संकल्प प्रतिज्ञा” दिलाई। स्वयंसेवकों ने भारतीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण, स्वच्छ वातावरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, सामाजिक सेवा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवंतिका गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम समन्वयक दीपक तेली ने जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर अन्य चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

