संकट मोचन बालाजी मंदिर में श्रीराम यज्ञ एवं दशहरा मेले का आयोजन, 21 फीट के रावण का किया दहन

उदयपुर। बजरंग बली प्रचार समिति, उदयपुर की ओर से मंगलवार को संकट मोचन बालाजी मंदिर, पंचदेवरिया, चांदपोल बाहर में विशाल श्रीराम यज्ञ, हवन-पूजन एवं दशहरा मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, महाआरती, आतिशबाजी एवं महाप्रसाद का आयोजन हुआ। मेले के मुख्य आकर्षण 21 फीट ऊंचे रावण के दहन को देखने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे सुंदरकांड पाठ के साथ विशाल श्रीराम यज्ञ एवं हवन-पूजन से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां देकर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की गई। दोपहर 12 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति एवं महाआरती की गई। यज्ञ आयोजन में दुश्यन्त कुमावत, नरेंद्र कुमावत, मधुसूदन सुखवाल एवं महेश श्रीमाली का सहयोग रहा।
शाम 6 बजे से दशहरा मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। हर्ष पालीवाल एवं सोनू की बोर्ड पर एम.एम. ग्रुप द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं। बजरंग बली प्रचार समिति एवं आलोक संस्थान, फतहपुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष रामायण प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। प्रश्नोत्तरी ने आयोजन को रोचक बनाया तथा उपस्थित लोगों को रामायण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से रूबरू होने का अवसर दिया।
इसके बाद 21 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। रावण दहन के दौरान आतिशबाजी से वातावरण उत्सवमय हो गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रदीप कुमावत, नरेंद्र पालीवाल, जितेश कुमावत, दुर्गेश शर्मा, निश्चय कुमावत एवं मदन सोनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।
बजरंग बली प्रचार समिति के आयोजन व्यवस्थापक पं. पवन कुमार सुखवाल ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।