उदयपुर : रॉकवुड्स ब्लेज़िंग स्ट्राइकर्स क्रिकेट कप 2026 के उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मैच में हस्तिनापुर वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। नजफगढ़ के सुल्तान की टीम 19.1 ओवर में 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से प्रशांत चौधरी ने 30 गेंदों में 34 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में रोहित गोयत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए जबकि शुभम दुबे ने 3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हस्तिनापुर वॉरियर्स की टीम ने 8.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 111 रन बनाते हुए मैच 7 विकेट से जीत लिया। उवैश अहमद ने 16 गेंदों में 40 रन और अभय चौहान ने 12 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली।नजफगढ़ की ओर से मयंक, प्रशांत और विशन ने 1-1 विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए रोहित गोयत को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया जो कि मुख्य अतिथि गिरीश शर्मा ( प्रेसिडेंट कलड़वास चैंबर ऑफ कॉमर्स ), मधुसूदन राणावत (मैच रेफरी) तथा राजेंद्र सिंह चुंडावत (पूर्व D.Y. S. P) द्वारा दिया गया ।

दूसरा मुकाबला स्टेडफास्ट वॉरियर्स और सीपीएस मेवाड़ रॉयल्स के बीच खेला गया । स्टेडफास्ट वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 160 रन बनाए। जिसमें चिराग यादव ने 28 गेंदों में नाबाद 39 और नितीश रेड्डी ने 31 गेंदों में 38 रन बनाए। प्रधुमन पारिख ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सीपीएस मेवाड़ रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन ही बना सकी। यशवंत डांगी ने 25 गेंदों में 30 रन, समर्पित जोशी ने 34 गेंदों में 29 रन और पुष्पेंद्र सिंह ने 11 गेंदों में 28 रन की तेज पारी खेली। स्टेडफास्ट की ओर से शुभंकर त्यागी और आयुष गुर्जर ने 2-2 विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए चिराग यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया जो कि मैच के मुख्य अतिथि निमित बोलिया जी, शाहिद मकरानी (बीसीसीआई कोच) और कुंदन घुसर (स्टेट प्लेयर) द्वारा प्रदान किया गया। दोनों मैचों के प्लेयर ऑफ द मैच को 5000 – 5000 रुपये का चेक और गिफ्ट हैम्पर प्रदान किया गया।
टूर्नामेंट का आयोजन डिकोड द्वारा किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट की विशेष बात यह है कि सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण 8 कैमरा सेटअप के माध्यम से किया जाएगा। पहला मैच 3.30 बजे और दूसरा 7.30 बजे खेला जा रहा है जिससे दर्शकों को पेशेवर स्तर का प्रसारण अनुभव प्राप्त होगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। क्रिकेट कप का लाइव प्रसारण विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा, जिनमें डिकोड, WdZ (यूट्यूब), स्पोर्टवोट तथा वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म शामिल हैं। साथ ही, मैचों की लाइव स्कोरिंग क्रिकहीरोज (CricHeroes) पर उपलब्ध रहेगी । यह जानकारी सुनील लड्ढ़ा (चेयरमैन रॉकवुड्स रॉकवुड्स ब्लेज़िंग स्ट्राइकर्स क्रिकेट), विवेक घई (ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी) द्वारा दी गई। मैच के दौरान ज़िला संघ सचिव मनोज चौधरी, कोषाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल, निदेशक अब्राहम कुमार भी उपस्थित रहे।
