उदयपुर : गीतांजलि विश्वविद्यालय के गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी द्वारा फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली के सहयोग से “राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत बी.फार्म पाठ्यक्रम (2026) के प्रभावी क्रियान्वयन” विषय पर एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बी.फार्म पाठ्यक्रम (2026) में किए गए महत्वपूर्ण परिवर्तनों एवं सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु फार्मेसी शिक्षकों को तैयार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के माननीय उपाध्यक्ष जे.एच. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में वर्ष 2026 तक देशभर में एक समान, आधुनिक एवं भविष्य उन्मुख फार्मेसी पाठ्यक्रम लागू करने के लिए PCI की प्रतिबद्धता और दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। इनमें डॉ. एच. लालहलेनमाविया, कार्यकारी परिषद सदस्य, PCI; डॉ. सरथ चंद्रन सी, सह-अध्यक्ष, ईआरसी एवं केंद्रीय परिषद सदस्य, PCI; प्रो. संदीप ग्रोवर, पूर्व प्रोफेसर एवं कार्यवाहक कुलपति; डॉ. वी.के. मौर्य, वरिष्ठ शैक्षणिक विशेषज्ञ; डॉ. नीरज उपमन्यु, केंद्रीय परिषद सदस्य, PCI; तथा प्रतीक शुक्ला, एआई विशेषज्ञ एवं आईसीएमआर के रिसर्च साइंटिस्ट शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान बी.फार्म पाठ्यक्रम (2026) की नई संरचना, लचीली एवं आउटकम बेस्ड एजुकेशन (OBE), ब्लूम्स टैक्सोनॉमी, आधुनिक मूल्यांकन प्रणाली तथा फार्मेसी शिक्षा एवं अनुसंधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में राज्य के विभिन्न निकटवर्ती फार्मेसी महाविद्यालयों से 100 से अधिक प्राध्यापको ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्राध्यापक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि गीतांजलि विश्वविद्यालय पारंपरिक फार्मेसी शिक्षा को आधुनिक तकनीक एवं वैश्विक शैक्षणिक मानकों के साथ जोड़ते हुए बी.फार्म पाठ्यक्रम (2026) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर गीतांजलि विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक अंकित अग्रवाल, कुलपति डॉ. राकेश कुमार व्यास एवं कुलसचिव डॉ. अरविंद यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर फार्मेसी महाविद्यालय की आयोजन समिति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

