चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा)। भंडारिया रोड स्थित महेश पुरम मार्ग पर श्याम नगर कॉलोनी में नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण देखा गया, कॉलोनी सहित आसपास कालोनियों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यज्ञाचार्य हेमंत शर्मा ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस जल यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात गणपति पूजन एवं अग्नि स्थापना की गई। आयोजन व शोभायात्रा में श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। द्वितीय दिवस हनुमान जन्मोत्सव के दिन मुख्य समारोह में सर्वदेव पूजन, हवन एवं महाअभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। अभिजीत मुहूर्त में श्री हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा एवं हवन पूर्णाहुति की गई। इसके उपरांत श्री चमत्कारी सांवलिया मंदिर से निशान यात्रा निकाली जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सायंकाल प्रसादी का आयोजन किया गया। रात्रि में भजन संध्या के साथ समारोह का समापन किया गया। आयोजन में कलश, ध्वजा एवं घण्टी स्थापना की बोली लगायी, जिसमें किशनलाल कालुलाल धाकड़ द्वारा कलश की बोली एवं ध्वजा की बोली पुष्करलाल धाकड ने लगाई, जबकि घण्टी स्थापना की बोली शम्भुलाल वैष्णव द्वारा लगायी गई। इसके अलावा आयोजन में श्याम नगर वासियों ने बढ-चढ कर सहयोग किया।

