130 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित, पौधारोपण और रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस पुलिस लाइन में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सराहनीय कार्य करने पर 130 पुलिसकर्मियों का सम्मान किया गया। पौधारोपण व रक्तदान शिविर सहित अन्य कई कार्यक्रम आयोजित हुए। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित परेड का निरीक्षण मनीष त्रिपाठी ने किया, परेड कमांडर अनिल पांडे संचित निरीक्षक के नेतृत्व में सलामी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने राजस्थान पुलिस दिवस पर मौजूद पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। पुलिस विभाग में कर्तव्य निष्ठा एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 10 वर्ष की लगातार बेदाग सेवा पूर्ण करने पर जिले के 20 पुलिसकर्मियों को सर्वाेत्तम सेवा चिन्ह तथा 54 पुलिसकर्मियों को अति उत्तम सेवा चिन्ह व 56 पुलिस कर्मी को उत्तम सेवा चिन्ह तथा प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। इसी क्रम में जनसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 34 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक त्रिपाठी ने कहा कि राजस्थान पुलिस अपनी गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप कानून व्यवस्था शांति एवं सद्भाव को बनाए रखने के साथ हिंसा और अपराध की रोकथाम के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। पुलिस के जवानों ने नागरिकों की जान माल की सुरक्षा के लिए अनेक अवसरों पर त्याग एवं बलिदान के अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। पुलिस की कार्य प्रणाली में निरंतर सुधार लाने के साथ ही आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर पुलिस और निरंतर जनमित्र की भूमिका निभाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर को ध्यान में रखकर सदैव नागरिकों की सेवा के लिए तत्पर रहें। इस अवसर पर एएसपी सरिता सिंह, भगवत सिंह ही़गड़ सहित जिले के पुलिस उप अधीक्षक व कई थानाधिकारियों के साथ पुलिस कर्मी उपस्थित थे। पुलिस दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस लाइन में पुलिस के जवानों, अधिकारियों व परिवार के सदस्यों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मी के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से वहां उपस्थित सभी लोगों व अधिकारियों का मन मोह लिया। इसी तरह से विभिन्न परीक्षाओं में बेहतर नंबर प्राप्त करने वाले बच्चों, मेधावी छात्रों व खेलकूद प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त को भी सम्मानित किया गया। जिन्हें पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

Creative from India to the World