चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। सैनिक स्कूल में आयोजित अखिल भारतीय आईपीएससी फुटबॉल टूर्नामेंट अंडर-14 बालक वर्ग में देशभर से आई प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों के बीच लगातार रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में खेलमय वातावरण बना हुआ है। विभिन्न राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ी न केवल जीत के लिए संघर्ष कर रहे हैं, बल्कि खेल भावना एवं अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं। जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय एवं द लॉरेंस स्कूल के बीच खेला गया मैच अत्यंत रोमांचक एवं संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों के गोलकीपरों ने भी बेहतरीन बचाव करते हुए कई संभावित गोल रोककर अपनी टीमों को मुकाबले में बनाए रखा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक बन गया। एक अन्य एकतरफा मुकाबले में ताशी नामग्याल अकादमी गंगटोक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेनेसिस ग्लोबल पब्लिक स्कूल, नोएडा को 5-0 से पराजित किया। मेजबान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीम ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। सैनिक स्कूल ने पाइन ग्रोव स्कूल को 7-0 से हराकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की। मैच के दौरान सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और लगातार गोल दागते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। इसी प्रकार मेयो कॉलेज, अजमेर ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को 1-0 से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। द संस्कार वैली स्कूल, भोपाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जेनेसिस ग्लोबल पब्लिक स्कूल, नोएडा को 1-0 से हराया। मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन संस्कार वैली स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर रणनीति एवं संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। मेयो कॉलेज, अजमेर ने द मान स्कूल, नई दिल्ली के विरुद्ध भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 7-0 से शानदार जीत दर्ज की। पूरे मैच में मेयो कॉलेज के खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा और शानदार आक्रमण करते हुए कई आकर्षक गोल किए। मेजबान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने डीपीएस आरके पुरम, नई दिल्ली को 4-2 से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। मैच के दौरान सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने आक्रामक एवं संतुलित खेल का परिचय देते हुए शानदार गोल किए। डीपीएस आर.के. पुरम की टीम ने भी कड़ा मुकाबला दिया, लेकिन सैनिक स्कूल की रणनीति एवं टीम वर्क के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा। एक अन्य मुकाबले में मॉडर्न स्कूल, नई दिल्ली ने द लॉरेंस स्कूल को 2-1 से पराजित किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और अंतिम क्षणों तक दर्शकों में उत्साह बना रहा। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने एवं खेल के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच प्रदान कर रही है।

