उदयपुर में प्रिसिजन हेल्थ का शानदार आगाज, जगमंदिर में हुआ अंतरराष्ट्रीय सेमिनार
उदयपुर। चिकित्सा क्षेत्र में मेवाड़ को जल्द ही एक नई और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा मिलने जा रही है। उदयपुर के जगमंदिर में अरुणोदय ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से प्रेसीजन हेल्थ केयर के अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का शानदार एवं रंगारंग आगाज मुख्य अतिथि मेवाड़ राजपरिवार के पूर्व सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अरुणोदय ग्रुप ऑफ कंपनी के निदेशक पुष्पेंद्र परमार ने बताया कि सेमिनार में अमेरिका की मेटाकोन कंपनी के सीईओ यशपाल जैन ने प्रिसिजन हेल्थ की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह तकनीक डीएनए और रक्त जांच के माध्यम से व्यक्ति के शरीर में भविष्य में होने वाली बीमारियों के संकेत 10 से 15 वर्ष पहले ही पहचानने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के जरिए मधुमेह, हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती आशंकाओं का पता लगाकर समय रहते बचाव और उपचार संभव हो सकेगा। कार्यक्रम में अमेरिका, सिंगापुर, कनाडा, दुबई और भारत के विभिन्न शहरों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने विचार साझा किए।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि प्रिसिजन हेल्थ स्वास्थ्य क्षेत्र में एक उपयोगी और दूरदर्शी पहल है, जो उदयपुर और मेवाड़ के लोगों के लिए वरदान साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी बीमारी के संकेत वर्षों पहले मिल जाएं तो व्यक्ति समय रहते अपनी जीवनशैली और उपचार में बदलाव कर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर सकता है।
इस दौरान जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. कीर्ति जैन, अरावली हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. आनंद गुप्ता, न्यूरोसर्जन डॉ. अतुलाभ वाजपेयी, शांतिराज हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. स्वपन जैन, डॉ. शैलेंद्र राठौड़, समता ग्रुप के डॉ. सुभाष कोठारी, हंसिका परमार ने अपनी बात रखी। पैनल डिस्कशन में डॉ. पूजा छाबड़ा, अमेरिका के डॉ. जोशुआ, सिंगापुर के डॉ. पवित्रह, अमेरिका के डॉ. राधाकृष्ण, यशपाल जैन, शांतिराज हॉस्पिटल, मंदसौर के डॉ. अशोक कुमार जैन शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन हंसिका परमार और संतोष कालरा ने किया, जबकि आभार आर्यन परमार ने व्यक्त किया।
क्या है प्रिसिजन हेल्थ :
निदेशक पुष्पेंद्र परमार ने बताया कि आमतौर पर हम डॉक्टर के पास तभी जाते हैं जब बीमारी हो जाती है। लेकिन सोचिए, अगर आपको पहले से पता चल जाए कि आपके शरीर में कोई बीमारी पनप रही है, इससे पहले कि कोई लक्षण दिखे? यही काम करता है प्रिसिजन हेल्थ।
प्रिसिजन हेल्थ एक आधुनिक स्वास्थ्य पद्धति है, जिसमें डीएनए और खून की जांच के जरिए व्यक्ति की आनुवंशिक संरचना और शरीर की आंतरिक स्थिति का विश्लेषण किया जाता है। इसके आधार पर व्यक्ति विशेष के लिए उपयुक्त खानपान, जीवनशैली और दवाइयों की सलाह दी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक बीमारियों को होने से पहले रोकने और लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जीने में मददगार साबित हो सकती है।

