उदयपुर में हेल्थ1 हॉस्पिटल का शुभारंभ

अब अहमदाबाद नहीं जाना पड़ेगा, हेल्थ1 हॉस्पिटल में मिलेंगी सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सेवाएं
– घुटनों के इलाज के लिए उदयपुर में देखेंगे अहमदाबाद के ख्यात डॉक्टर्स
– संपूर्ण घुटना मूल्यांकन पैकेज का भी ऐलान
उदयपुर (डॉ. तुक्तक भानावत)।
शहर के शोभागपुरा स्थित माधव विहार में हेल्थ1 हॉस्पिटल का रविवार को शुभारंभ किया गया। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल की शुरुआत के साथ ही क्षेत्रवासियों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की नई सौगात मिली है। उद्घाटन उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने किया। इस  अवसर पर विशेष चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अहमदाबाद से आए वरिष्ठ सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान शल्य गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. मिलिंद अखाणी, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अमित पटणवाडिया तथा अस्थि एवं घुटना रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत खज्जा ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों और उनके परिजनों में उत्साह देखने को मिला।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं नियमित रूप से हेल्थ1 हॉस्पिटल, उदयपुर में उपलब्ध रहेंगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को जटिल बीमारियों के उपचार और विशेषज्ञ परामर्श के लिए अहमदाबाद सहित अन्य बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीजों को अपने शहर में ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर अस्पताल द्वारा घुटनों से संबंधित समस्याओं की जांच एवं उपचार के लिए विशेष ‘संपूर्ण घुटना मूल्यांकन पैकेज’ भी शुरू किया गया। इस पैकेज के तहत घुटनों की विस्तृत जांच, विशेषज्ञ परामर्श तथा आवश्यक परीक्षणों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सीमित अवधि के लिए यह पैकेज 9,999 रुपये के स्थान पर मात्र 3,999 रुपये में उपलब्ध रहेगा।
हेल्थ1 हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. हेमंत खज्जा एवं डॉ. कीयूर पटेल ने बताया कि अस्पताल का मुख्य उद्देश्य उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण, नैतिक, पारदर्शी और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार, अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक और अनुभवी विशेषज्ञों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Creative from India to the World