श्रीमाली समाज का गौरव बढ़ाने वाले सत्यनारायण श्रीमाली का उदयपुर में अभिनंदन

उदयपुर। विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उदयपुर पहुंचे समाजसेवी सत्यनारायण श्रीमाली का श्रीमाली समाज एवं संस्कार भवन ट्रस्ट द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके आगमन पर समाज के प्रतिनिधियों ने पुष्पहार एवं साफा पहनाकर सम्मान किया।

Creative from India to the World

इस अवसर पर सत्यनारायण श्रीमाली ने संस्कार भवन का अवलोकन कर यहां समाज हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि संस्कार भवन में एक फ्लोर पर बनने वाले सभी कमरों के निर्माण में उन्होंने भामाशाह के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके इस सहयोग की समाजजनों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

मूल रूप से मारवाड़ के घाणेराव निवासी एवं वर्तमान में मुंबई प्रवासी सत्यनारायण श्रीमाली के विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से श्रीमाली समाज में विशेष उत्साह का माहौल है। समाजजन इसे पूरे ब्राह्मण समाज के लिए गौरव का विषय मान रहे हैं

संस्कार भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली ने कहा कि यह श्रीमाली समाज के लिए गर्व की बात है कि समाज के एक सदस्य को देशभर के ब्राह्मण समाज को एकजुट करने और उनके उत्थान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि उदयपुर प्रवास के दौरान उनका स्वागत कर समाज स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

संस्कार भवन के अवलोकन के दौरान सत्यनारायण श्रीमाली ने समाजसेवी राधा कमल श्रीमाली का उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर बताया गया कि राधा कमल श्रीमाली संस्कार भवन के पहले ऐसे सदस्य हैं, जिन्होंने आजीवन सदस्यता शुल्क को बढ़ाकर 2 लाख रुपये किए जाने के बाद सबसे पहली आजीवन सदस्यता ग्रहण की है। उनके इस सहयोग एवं समाज के प्रति समर्पण की उपस्थित समाजजनों ने सराहना की।

स्वागत समारोह में रविंद्र श्रीमाली, ओमशंकर श्रीमाली, सुनील दत्त श्रीमाली, सूर्यप्रकाश, कमलेश, ओमप्रकाश विदावत, हरीश त्रिवेदी, जमनालाल ओझा, गणेश श्रीमाली, जतीन श्रीमाली, दिनेश श्रीमाली, रोशनलाल श्रीमाली, कुलदीप, यशवंत, जितेंद्र, योगेश, देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।