साईं तिरुपति विश्वविद्यालय के तत्वावधान में पीआईएमएस में निकली अंगदान जागरूकता रैली

“अंगदान – जीवन का सबसे बड़ा उपहार” का दिया संदेश
उदयपुर।
विश्व मस्तिष्क दिवस एवं अंगदान जागरूकता माह के अवसर पर साईं तिरुपति विश्वविद्यालय एवं इसके संघटक कॉलेजों—पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस), वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, वेंकटेश्वर कॉलेज ऑफ नर्सिंग, वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज, वेंकटेश्वर कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी आदि (उमरड़ा, उदयपुर) द्वारा अंगदान जागरूकता रैली का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में ब्रेन स्टेम डेथ के प्रति वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना, अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को अंगदान की शपथ लेने के लिए प्रेरित करना था।
रैली का शुभारंभ साईं तिरुपति विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रशांत नाहर के मार्गदर्शन में कॉलेज भवन से किया गया। रैली कॉलेज परिसर से होते हुए पीआईएमएस अस्पताल तक निकाली गई। इसमें संस्थान के संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, इंटर्न्स, एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों, पैरामेडिकल छात्रों, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुलपति एवं संघटक कॉलेजों के प्राचार्यों द्वारा “अंगदान – जीवन का सबसे बड़ा उपहार” का संदेश देते हुए जन-जन में अंगदान जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां एवं बैनर लेकर “अंगदान – जीवन का सबसे बड़ा उपहार”, “एक अंगदाता कई लोगों को नया जीवन दे सकता है”, “ब्रेन स्टेम डेथ के बाद अंगदान, मानवता की सर्वोच्च सेवा” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। रैली के दौरान नागरिकों को अंगदान के महत्व, ब्रेन स्टेम डेथ की अवधारणा तथा अंगदान से अनेक गंभीर रोगियों को नया जीवन मिलने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सर्वोच्च सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक है। यदि प्रत्येक नागरिक अंगदान के प्रति जागरूक होकर सकारात्मक निर्णय ले, तो हजारों मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने सभी से अपने परिवार एवं समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा इस जनहितकारी अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रजिस्ट्रार डॉ. देवेंद्र जैन, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. कनुप्रिया तिवारी, प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश गोयल, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. कमलेश शेखावत, डॉ. दिलीप कुमार पारीक एवं वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के डॉ. खेमचंद गुप्ता, वेंकटेश्वर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के डॉ. विजय सिंह रावत, वेंकटेश्वर कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के डॉ. मोहम्मद युनुस एवं अन्य सभी संगठक कॉलेज के प्रधानचार्य, संकाय सदस्य एवं स्टाफ उपस्थित रहे । कार्यक्रम का समन्वय फॉरेंसिक मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. प्रणव कुमार द्वारा किया गया एवं डॉ. श्रीनिधि द्वारा धन्यवाद व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ऑर्गन डोनेशन मॉनिटरिंग यूनिट, एनएसएस, संकाय सदस्यों एवं सभी सहयोगी विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंगदान जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में इस पुनीत कार्य के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण करने का संकल्प लिया। यह रैली मानव जीवन बचाने की दिशा में साईं तिरुपति विश्वविद्यालय एवं इसके संघटक कॉलेजों की सामाजिक प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनी।

Creative from India to the World