वैश्विक उड़ान से अर्पित की सफलता बनी प्रेरणा
उदयपुर। उदयपुर के युवा उद्योगपति अर्पित सिंघवी ने शहर का नाम अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विश्व की प्रतिष्ठित बिजनेस और उद्यमिता मीडिया संस्था फोर्ब्स के विशेष इंटरव्यू में शामिल होकर उन्होंने उदयपुर को वैश्विक पहचान दिलाई है।
अर्पित सिंघवी उदयपुर के पहले उद्यमी हैं जिन्हें इस स्वरूप में फोर्ब्स के मंच पर स्थान मिला है। इसे किसी भी उद्यमी के लिए बड़ी उपलब्धि और वैश्विक स्तर पर मिली मान्यता माना जाता है। फोर्ब्स के इस विशेष इंटरव्यू में अर्पित सिंघवी ने अपनी उद्यमशील यात्रा, नेतृत्व की सोच, व्यवसायिक मूल्यों और भविष्य के विजन को साझा किया। उनके अनुभव और विचार अब वैश्विक दर्शकों तक पहुंच रहे हैं, जिससे उदयपुर जैसे शहरों से उभर रहे युवा उद्यमियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
अर्पित सिंघवी की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई जा सकती है। उनकी सफलता युवा उद्यमियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है, जो नवाचार, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने का सपना देखते हैं।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर स्थित आर.के. फॉस्फेट्स प्रा. लि. से जुड़े अर्पित सिंघवी को इससे पहले राजस्थान सरकार भी जयपुर में आयोजित एक समारोह में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित कर चुकी है। फोर्ब्स के मंच तक पहुंचने के बाद उनकी यह उपलब्धि उदयपुर के उद्योग जगत के लिए भी गौरव का विषय बन गई है। अर्पित उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष आर.के. सिंघवी के बेटे है।

