मकान का सेटबैक छोड़ने के विवाद में पीट-पीटकर बुजुर्ग की हत्या

आरोपी के अवैध निर्माण वाले हिस्से को ध्वस्त किया गया
उदयपुर:
शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सेटबैक छोड़ने की बात को लेकर 3 युवकों ने अपने पड़ोसी बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार देर रात की है। जहां फाइनेंसर सागरमल मेहता (68) निवासी खेरोदा की हत्या कर दी गई। घटना के बाद एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में देर रात तक माहौल गर्माया रहा। परिजनों ने प्रतानगर थाना पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही और मिलीभगत के आरोप लगाए।
मृतक के बेटे राहुल मेहता ने बताया कि मेरे मकान के पीछे प्रवीण सिंह आसोलिया अवैध रूप से मकान बना रहा है। उस पर कोर्ट स्टे लगा है और यूडीए ने भी सीज कर रखा है। उसे डर था कि मकान डिस्मेंटल हो सकता है। मंगलवार को कोर्ट कमिश्नर आए थे और मौका पर्चा बनाया। उस समय प्रवीण सिंह सहित तीनों आरोपी मौजूद थे। उन्हें लगा कि कमिश्नर द्वारा उनके मकान के खिलाफ रिपोर्ट बनाई जा रही है। तब वे कमिश्नर के जाने के बाद हमसे गाली गलौज करने लगे और मेरे पिता सागरमल मेहता को मुख्य आरोपी प्रवीण सिंह आसोलिया, उसका चचेरे भाई अनुराग सहित तीन आरोपियों ने लात-घूसों से बुरी तरह मारा। जिसके बाद पिता बेहोश होकर नीचे गिर गए। मैंने बीच-बचाव की कोशिश की तो मेरे साथ भी हाथापाई की। घटना के बाद तीनों आरोपी कार से प्रतापनगर थाने पहुंचे और हमारे खिलाफ रिपोर्ट देने लगे। इसके बावजूद प्रतापनगर थाना पुलिस ने ​इन्हें गिरफ्तार ​नहीं किया और जाने दिया। इधर, प्रतापनगर थाना पुलिस ने लापरवाही के आरोपों के बाद हिरण मगरी थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण को जांच सौंपी है।
बुधवार को परिवार और समाज के लोग बड़ी संख्या में एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में एकत्र हो गए। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। परिजन और रिश्तेदारों ने मुख्य आरोपी का अवैध मकान तोड़ने, तीनों आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। लोगों ने पुलिस प्रशासन और यूडीए के खिलाफ नारे लगाए। इधर, प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और यूडीए तहसीलदार विजय रैगर से आरोपी के अवैध निर्माण को आज ही ध्वस्त करने की मांग की गई। लोगों ने कहा- अगर निर्माण ध्वस्त नहीं किया तो वे शव नहीं उठाएंगे। इसके बाद यूडीए को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी के अवैध निर्माण वाले हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया।

Creative from India to the World