उदयपुर : मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय में गुरुवार को ‘मीट द आर्टिस्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इटली के प्रसिद्ध कलाकार रॉबर्ट कारूसो ने अपनी कला यात्रा पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्लाइड शो के माध्यम से रॉबर्ट कारूसो ने अपनी पेंटिंग्स की तकनीक, माध्यम और विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपनी कला यात्रा के विभिन्न चरणों को साझा करते हुए छात्रों के साथ खुली कला चर्चा की और उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
इस अवसर पर दृश्य कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर वशिष्ठ ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय कला आयोजन विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी हैं। ये आयोजन उन्हें वैश्विक कला परंपराओं को समझने और नई तकनीकें सीखने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. शाहिद परवेज़ ने अतिथि कलाकार का स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभाग के सभी संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

