उदयपुर। राजस्थान स्टेट बैडमिंटन सब जूनियर अंडर 17 चैंपियनशिप में रविवार को कई मुकाबले हुए। आयोजन सचिव सुधीर बख्शी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। रविवार को क्वालीफाइंग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य दौर में अपनी जगह बनाई। प्रतियोगिता के रैफरी लोकेश कुमार सोनी व मैच कंट्रोल पंकज सैनी है।
बालक वर्ग में कड़े मुकाबले :
बालक वर्ग में वीदेह जैन ने करण जाट को 15-4, 15-12, मोहित गुप्ता ने तनुज महावर को 15-7, 15-9 तथा वैभव दाधीच [5/8] ने नक्ष जैन को 15-10, 15-11 से हराया। वहीं प्रांशु हिरणवाल ने ईशान बंकर को 11-15, 15-11, 15-10 से पराजित कर मुख्य दौर में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में कीर्तिराज, दर्शिल नायर [5/8], हर्ष कंडपाल, कुशल आचार्य, सनी जांगिड़, लक्ष्य राज सिंह नाथावत, भावेश भादू [5/8], प्रशांत, दिग्विजय सिंह शेखावत, मनवीर बिश्नोई [5/8], आर्यन प्रजापति और उत्कर्ष सिंह राठौड़ [3/4] ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर मुख्य दौर में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग में उलटफेर ने बढ़ाया रोमांच :
बालिका वर्ग में मिराया फागरिया [1] ने अदा वर्मा को 15-13, 15-11, अद्विका अग्रवाल [5/8] ने ब्रिंदा लाखियानी को 15-4, 15-12 तथा कियारा गोयल ने गार्विता को 15-12, 15-10 से पराजित किया। इसके अलावा भाविका भागसरा, साक्षी सिंह [5/8], ओजस्विता दुबे और रक्षांधा बिष्ट ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबले जीते और मुख्य दौर में प्रवेश किया। बालिका वर्ग में सबसे बड़ा उलटफेर सलोनी प्रजापत ने किया। सलोनी ने दूसरी वरीयता प्राप्त पर्ल पारीक [2] को 15-11, 15-13 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सलोनी ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
सयुक्त सचिव चांद चावत ने बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य दौर के मुकाबले सोमवार सुबह 9 बजे से लव-कुश स्टेडियम एवं चावत स्पोर्ट्स अकादमी में खेले जाएंगे। मुख्य दौर में प्रदेश के शीर्ष और प्रतिभाशाली खिलाड़ी आमने-सामने होंगे, जिससे मुकाबलों का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है। उपाध्यक्ष हिम्मत ने बताया मुख्य दौर के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों, कोचों और अभिभावकों में खासा उत्साह है। सोमवार से शुरू होने वाले मुकाबलों में राज्य के बेहतरीन युवा खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। शाम 5 बजे मुख्य राउंड के ड्रॉ डाले गए।
उदयपुर में राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबले, विजेता खिलाड़ियों ने मुख्य दौर में किया प्रवेश
