उदयपुर। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, पूर्व राज्य मंत्री एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने उदयपुर राजमहल पहुंचकर दिवंगत राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ को श्रद्धापूर्वक नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इनके साथ ही उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, उदयपुर नगर निगम महापौर पारस सिंघवी और भाजपा के उदयपुर जिला प्रमुख गजपाल सिंह राठौड़ और गणमान्य जनों ने पुष्पांजलि दी। सभी ने श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भेंट कर मेवाड़ राजपरिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने राजमाता साहिबा की स्नेहिल एवं गरिमामयी स्मृतियों का स्मरण करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। साथ ही, दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
