माँ शारदा पीठ मंदिर निर्माण एवं सेवा कार्य के लिए सहयोग की अपील

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। माँ शारदा सेवा समिति द्वारा धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। समिति का उद्देश्य गोशाला निर्माण, माँ शारदा मंदिर निर्माण, संत सेवा, स्किल डेवलपमेंट, महिला सशक्तिकरण, गौ सेवा एवं नारायण सेवा सहित जनकल्याणकारी कार्यों को बढ़ावा देना है। समिति ने बताया कि माँ शारदा पीठ सनातन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। कश्मीर स्थित प्राचीन माँ शारदा पीठ ज्ञान, साधना और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐतिहासिक परिस्थितियों एवं लंबे समय से उपेक्षा के कारण मंदिर परिसर की स्थिति प्रभावित हुई है तथा श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक गतिविधियां सीमित हुई हैं। माँ शारदा पीठ के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए समिति द्वारा चित्तौड़गढ़ में माँ शारदा मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया गया है। समिति का प्रयास है कि यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनने के साथ-साथ सनातन संस्कृति, शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता का भी केंद्र बने। समिति ने समाज के सभी वर्गों, जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में अपनी क्षमता के अनुसार तन, मन और धन से सहयोग प्रदान करें। सामूहिक सहयोग से माँ शारदा मंदिर निर्माण का यह संकल्प शीघ्र साकार किया जा सकता है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि माँ शारदा के मंदिर का निर्माण केवल एक धार्मिक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। समिति भविष्य में भी जनहित एवं सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। इस दौरान गौशाला संचालक गोपाल शर्मा, मनोज ओड मौजूद थे।

Creative from India to the World