डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया 6वें राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट के पोस्टर का विमोचन

जयपुर में 17 से 19 सितम्बर 2026 तक आयोजित होगा राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट

देश-विदेश से आतिथ्य उद्योग की हस्तिया होगी सम्मिलित

उदयपुर। राजस्थान के पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश के समृद्ध पर्यटन उत्पादों को देश के घरेलू पर्यटन बाजार तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले 6वें राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट के पोस्टर का विमोचन उदयपुर राजमहल में मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा किया गया।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर राजस्थान के पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, महासचिव तरुण कुमार बंसल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पचार के साथ ही होटल एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष उषा शर्मा तथा अन्य पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि राजस्थान की पहचान विश्वभर में उसकी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला, लोक संस्कृति, परम्पराओं और आतिथ्य के लिए है। राजस्थान में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और घरेलू पर्यटकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए ऐसे आयोजन प्रदेश के पर्यटन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट पहचान और पर्यटन क्षमता है। प्रदेश की लोक कला, हस्तशिल्प, खान-पान और ग्रामीण संस्कृति राजस्थान को एक विशिष्ट पर्यटन गंतव्य बनाती हैं। उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक पर्यटन की आवश्यकताओं के अनुरूप देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना समय की आवश्यकता है।
राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट का आयोजन 17, 18 एवं 19 सितम्बर 2026 को जयपुर स्थित बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। आयोजन पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों एवं संस्थाओं के सहयोग से आयोजित हो रहा है। जहां देश-विदेश से आतिथ्य उद्योग से जुड़े कई दिग्गज एकत्र होंगे। तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से राजस्थान के पर्यटन उत्पादों को घरेलू पर्यटन बाजार में बढ़ावा देने, नए व्यावसायिक अवसर सृजित करने तथा पर्यटन उद्योग के विभिन्न पक्षों के बीच संवाद और संपर्क को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर उपस्थित पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों ने डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजपरिवार की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन उद्योग का यह जुड़ाव राजस्थान की ब्रांड पहचान को और मजबूत करने में सहायक होगा।