उदयपुर : शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एक कपड़ा व्यापारी की तबीयत बिगड़ने पर गुस्साई भीड़ ने मंगलवार रात को हमला कर दिया और हॉस्पिटल में जमकर तोड़फोड़ की । लोगों ने डॉक्टर्स के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि हॉस्पिटल की लापरवाही के कारण कपड़ा व्यापारी को दूसरे हॉस्पिटल में एडमिट करवाना पड़ा। घटना जेपी ऑर्थोपेडिक्स हॉस्पिटल में हुई। हंगामे की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। लोगों ने उन्हें सड़क पर घसीटा और कपड़े फाड़ दिए। हंगामे और तोड़फोड़ से नाराज डॉक्टर्स ने कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की धमकी दी है।
गौरतलब है कि लसाड़िया के कूण के रहने वाले कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन (50) मंगलवार सुबह बाइक से उदयपुर आ रहे थे। रास्ते में नीलगाय की टक्कर से वे घायल हो गए थे। उन्हें एम्बुलेंस से जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल लाया गया। उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर था। घायल के परिजनों और रिश्तेदारों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए रात 9 बजे के करीब हंगामा कर दिया। मामले की सूचना पर तीन थानों के सीआई और एडिशनल एसपी उमेश ओझा मौके पर पहुंचे। सूचना पर आईएमए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता भी मौके पहुंचे। मरीज के भाई कमलेश जैन ने बताया कि मेरा भाई का शाम 4 बजे ऑपरेशन हुआ था जिसके बाद से वह होश में नहीं आये। डॉक्टरों से इसका कारण पूछा तो कोई संतुष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद रात 11 बजे मरीज को गीतांजलि हॉस्पिटल लेकर गए। परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. आनंद गुप्ता ने कहा कि आईएमए अध्यक्ष के नाते मेरे पास जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल के डॉक्टर का फोन आया था। मैं यहां सपोर्ट के लिए गया । हॉस्पिटल में करीब 200 लोग जमा थे। उन्होंने ऑपरेशन थियेटर में डॉ. नवीन गोयल को बंद करके मारपीट की। डॉ. जेपी शर्मा और उनके बेटे डॉ. कनिष्क सहित अन्य स्टाफ से भी बुरी तरह मारपीट की गई। उन्हें गर्दन पकड़कर सड़क पर भी घसीटा गया। डॉ गुप्ता ने बताया कि मैं जब दूसरे डॉक्टर्स को बचाने के लिए बाहर गया तो 10 से 15 लोगों ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। मेरे कपड़े फाड़ दिए। फिर स्टाफ सहित अन्य लोगों ने मुझे बचाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इधर इस मामले में डॉक्टर्स ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज में मीटिंग की। मीटिंग के बाद सभी डॉक्टर्स उदयपुर एसपी अमृता दुहन से मिलने पहुंचे और मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी ने एडिशनल एसपी के निर्देशन में जांच कमेटी का गठन किया, जो 5 दिनों में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। वहीं, डॉ. आनंद गुप्ता का कहना है कि अगर 5 दिन में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो हमें बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

