बागोर की हवेली में संत मावजी के चोपड़ों के छायाचित्रों की प्रदर्शनी

उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा बागोर की हवेली के कला वीथी में वागड़ अंचल के तीर्थ स्थल बेणेश्वर धाम के संत मावजी के चोपड़ों में मंडित छायाचित्रों की प्रदर्शनी का शुभारंभ केन्द्र निदेशक ने किया।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि बागोर की हवेली के कला वीथी गैलरी में संत मावजी के चोपड़ों के छायाचित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
केन्द्र द्वारा प्रलेखन योजना में साबला स्थित श्री हरि मंदिर तथा सलूम्बर के शेषपुर के चोपड़ों का छायांकन करवाया गया जो तकरीबन 300 वर्ष पुराने हैं और इनमें सृजित चित्र व उनमें प्रयुक्त रंग आज भी यथावत है।
श्री हरि मंदिर साबला में विद्यमान दो गुना दो फीट आकार के चोपड़े में 333 पन्ने हैं तथा मूल ग्रंथ में 70 चित्र विद्यमान हैं। इसमें देवनागरी लिपि में वागड़ी मिश्रित गुजराती, हिन्दी ब्रज, संस्कृत एवं अपभ्रंश संदेश मंडित हैं इनमें से 38 चित्र इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित किये गये हैं। इन चित्रों में भक्ति के साथ-साथ संत मावजी के जीवन के प्रति विचार तथा उनके जीवन दर्शन को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। इस अवसर पर केन्द्र के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Creative from India to the World