100 दिन में बदलेगा वार्ड 33 का चेहरा, जतिन श्रीमाली ने रखा विकास का विजन

सड़कों की बदहाली दूर करने से लेकर स्मार्ट वार्ड बनाने तक, संकल्प से समाधान तक की कार्ययोजना 

उदयपुर। नगर निकाय चुनाव के बीच वार्ड 33 से भाजपा प्रत्याशी जतिन श्रीमाली ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपना 100 दिन का विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। “संकल्प से समाधान तक” नाम से तैयार इस कार्ययोजना में वार्ड की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ वार्डवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी गई है। जतिन श्रीमाली ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद पहले 100 दिनों में ऐसे कार्यों को गति दी जाएगी, जिनका सीधा लाभ वार्डवासियों को मिले। कार्ययोजना में खस्ताहाल सड़कों का दुरुस्तीकरण सबसे प्रमुख प्राथमिकता के रूप में शामिल है। इसके साथ ही वार्ड के पार्कों का सौंदर्यीकरण, प्रमुख चौराहों का विकास एवं वहां हाईमास्ट लाइट लगाने, स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं का पूर्ण समाधान तथा सार्वजनिक स्थानों पर अत्याधुनिक सुलभ शौचालय के निर्माण और वार्ड में नालियों की सफाई एवं मरम्मत कराने के कार्य का लक्ष्य रखा गया है।

जतिन श्रीमाली के विजन डॉक्यूमेंट में नागरिकों को नगर निगम की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए वार्ड में सूचना पट्टिकाएं लगाने तथा योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है। वहीं वार्डवासियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर समस्याओं की पहचान से लेकर उनके समाधान तक संवाद कायम रखने का संकल्प लिया गया है। जतिन श्रीमाली ने 100 दिन की इस योजना को केवल घोषणापत्र नहीं, बल्कि जवाबदेही और समयबद्ध विकास का रोडमैप बताया। उनका लक्ष्य वार्ड 33 को सुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और नागरिक सहभागिता के स्तर पर स्मार्ट वार्ड के साथ आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना है। जतिन श्रीमाली ने बुधवार को आलोक स्कूल के सामने अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह, सांसद मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, फूलसिंह मीणा, भाजपा नेता रविन्द्र श्रीमाली, हजारी लाल जैन, दीपक बोल्या, महेश शर्मा, चन्द्रकांता बोल्या, जयंत ओझा, डॉ प्रदीप कुमावत, पारस चित्तौड़ा, अशोक गेरा, परमजीत सिंह , राजकुमार खंडेलवाल, पूर्व पार्षद राजेश बैरागी, जिनेन्द्र शास्त्री, भवानी सिंह राणावत, ख्याली पालीवाल, अरुण कोठारी, रवीश जैन, प्रशांत जैन, मनीष भारद्वाज, हेमेंद्र जैन, अनिल सिंघल, विनायक शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रीमाली ने कहा कि वार्ड के विकास की दिशा में प्राथमिकताएं तय कर पहले 100 दिनों में दिखाई देने वाले परिणाम देने का कार्य किया जाएगा। उनका विजन सड़क, रोशनी और सार्वजनिक सुविधाओं से साथ साथ आगे बढ़कर वार्डवासियों की सक्रिय भागीदारी के साथ एक व्यवस्थित और आदर्श वार्ड का निर्माण कराना है।