पूर्व मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास पंचतत्व में विलीन

उदयपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का शुक्रवार शाम को अशोकनगर स्थित मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया। उनके भतीजे विवेक शर्मा ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार वैदिक विधि से हुआ, इसमें 104 वेद मंत्र पढ़े गए। इससे पहले शवयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अर्थी को कंधा दिया।

Creative from India to the World


उल्लेखनीय है कि डॉ. गिरिजा व्यास का गुरुवार शाम को अहमदाबाद स्थित जायडस हॉस्पिटल में निधन हो गया था। देर रात उनकी पार्थिव देह उदयपुर लाई गई। शुक्रवार सुबह पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके देत्यमगरी आवास पर रखा गया था जहां पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान विधानसभा के पूर्व स्पीकर डॉ. सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के पूर्व सदस्य रघुवीर सिंह मीणा, कांग्रेस मीडिया सेंटर के पंकज कुमार शर्मा, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, भाजपा उदयपुर शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी, भाजपा नेता प्रमोद सामर सहित भाजपा और कांग्रेस के कई नेता पहुंचे और उनकी पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए।