जयपुर । फ़सल उत्पादन के रिकॉर्ड के साथ यह पड़ताल भी होनी चाहिए कि बीज, खाद, बिजली, ढुलाई और मज़दूरी का खर्च निकालने के बाद किसान के हाथ में कितना बचा। ग्रामीण मीडिया मंच ‘गाँव जंक्शन’ के न्यूज़ एडिटर डॉ. उमाशंकर मिश्र ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित वेबिनार में यह बात कही। मीडिया त्रैमासिकी कम्युनिकेशन टुडे और भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस एंड मैनेजमेंट (बीवीआईसीएएम), नई दिल्ली की संयुक्त वेबिनार शृंखला की 244वीं कड़ी का विषय ‘कृषि के सवाल, पत्रकारिता की प्राथमिकताएँ’ था।
मुख्य वक्ता डॉ. मिश्र ने कहा कि बुवाई, कटाई, किसान आंदोलन और प्राकृतिक आपदाओं के समय खेती की ख़बरें प्रमुखता पाती हैं। साल भर की कवरेज में किसान की आमदनी, उपज के दाम, फ़सल बीमा और नई तकनीक तक उसकी पहुँच की भी पड़ताल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को ख़बर का स्रोत बनाने से उनके व्यावहारिक ज्ञान और नवाचारों को जगह मिलेगी। उन्होंने महिला किसानों, खेतिहर मज़दूरों और छोटे व सीमांत किसानों के अनुभवों को रिपोर्टिंग में शामिल करने पर ज़ोर दिया।
डॉ. मिश्र ने टमाटर और आलू का उदाहरण देते हुए कहा कि जब अच्छी पैदावार के बाद मंडी में भाव गिरते हैं, तो कई बार बिक्री से ढुलाई का खर्च तक नहीं निकलता। भंडारण और प्रसंस्करण की सुविधाओं के अभाव में किसान को कम दाम पर अपनी उपज बेचनी पड़ती है।
संपादकीय पन्नों पर कृषि को मिलने वाली जगह के संदर्भ में उन्होंने एक अध्ययन का हवाला दिया। इसके अनुसार, दो हिंदी समाचार पत्रों के पानीपत संस्करणों में वर्ष 2023 में प्रकाशित 547 संपादकीय लेखों में से 22 कृषि पर केंद्रित थे। उन्होंने कहा कि कई मीडिया संस्थानों में कृषि कवरेज कारोबारी डेस्क के अधीन रहती है और खेती की नियमित रिपोर्टिंग के लिए अलग से बजट और संसाधनों की कमी रहती है।
कम्युनिकेशन टुडे के संपादक प्रो संजीव भानावत ने कहा कि ओलावृष्टि से फ़सल बर्बाद होने की ख़बर छपने के बाद संवाददाता को उसी गाँव में लौटकर देखना चाहिए कि कितने किसानों को मुआवज़ा मिला, किनके आवेदन अटके और किसान अगली बुवाई का खर्च कैसे जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा के बाद यह भी देखना चाहिए कि खरीद केंद्र कब खुले, कितने किसान वहाँ उपज बेच पाए और उन्हें भुगतान कब मिला। ऐसी रिपोर्टिंग के लिए स्थानीय संवाददाताओं को समय, संसाधन और समाचार पत्र में पर्याप्त जगह मिलनी चाहिए।
डॉ. मिश्र ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को एगमार्कनेट पोर्टल से अपने ज़िले की किसी मंडी के पिछले 30 दिनों के भाव जुटाकर उनका विश्लेषण करने और ख़बर तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने सरकारी दस्तावेज़ों में दर्ज सूचनाओं की मौके पर जाकर पुष्टि करने पर भी ज़ोर दिया।
चर्चा में मेरठ के मीडिया शिक्षक डॉ. सूरज देव प्रसाद ने भी हस्तक्षेप किया। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों में ज़मीनी रिपोर्टिंग के प्रति घटती रुचि का उल्लेख किया और कहा कि डिजिटल माध्यमों से खेती और ग्रामीण जीवन के बुनियादी सवालों को प्रमुखता से उठाया जा सकता है।
कार्यक्रम की संयोजक एवं बीवीआईसीएएम की सहायक प्रोफेसर प्रियंका सिंह ने प्रारंभ में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्य वक्ता को ई-प्रमाणपत्र और ई-स्मृति चिह्न भेंट किए गए। आयोजन में भारती विद्यापीठ के जयंत राठी, पुष्पेंद्र सिंह और श्रीकांत सिंह तथा आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ की डॉ. पृथ्वी सेंगर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
चर्चा में मेरठ के मीडिया शिक्षक डॉ. सूरज देव प्रसाद ने भी हस्तक्षेप किया। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों में ज़मीनी रिपोर्टिंग के प्रति घटती रुचि का उल्लेख किया और कहा कि डिजिटल माध्यमों से खेती और ग्रामीण जीवन के बुनियादी सवालों को प्रमुखता से उठाया जा सकता है।
बुवाई से बिक्री तक, खेती की ख़बरों को मिले नियमित जगह
