अनंत चतुर्दशी पर श्रीमाली समाज का भव्य सामूहिक उद्यापन, 2500 लोगों का होगा समागम

उदयपुर। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्री श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था मेवाड़ की ओर से शुक्रवार को संस्कार भवन में सामूहिक अनंत चतुर्दशी उद्यापन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में समाज के करीब 2500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर समाज की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आयोजन से एक दिन पहले गुरुवार को समाज की महिला शक्ति संस्कार भवन में एकत्रित हुई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक पूजन सामग्री के पैकेट तैयार किए। इस दौरान महिलाओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए सामग्री को व्यवस्थित तरीके से पैक किया।

सामूहिक उद्यापन में 35 जोड़े अनंत चतुर्दशी का उद्यापन करेंगे। शुक्रवार सुबह 11 बजे गृहशांति पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान एवं उद्यापन की अन्य विधियां संपन्न कराई जाएंगी।

समाज अध्यक्ष दिग्विजय श्रीमाली ने समाजबंधुओं से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक धार्मिक आयोजन समाज में धार्मिक संस्कारों के साथ एकता, सहयोग और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम हैं।

आयोजन संयोजक जयंत श्रीमाली नेबताया की समाज के पदाधिकारियों के साथ युवा शाखा और मातृ शाखा के सदस्य भी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। आयोजन को लेकर संस्कार भवन में दिनभर तैयारियों का दौर जारी रहा।