वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश स्थापना

उदयपुर, । नारायण सेवा संस्थान के माली कॉलोनी स्थित नव परिसर ‘वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी’ में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की विधिवत स्थापना की गई। इस अवसर पर हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुआ, जिसमें दिव्यांगजन सहित संस्थान के संस्थापक कैलाश ‘मानव’, सह-संस्थापिका कमला देवी, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल एवं निदेशक वंदना अग्रवाल ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

अनुष्ठान के दौरान विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सर्वजन के सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद गणपति की महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में संस्थान से जुड़े लोगों ने श्रद्धा के साथ सहभागिता की।

गणेश पंडाल में अनंत चतुर्दशी तक प्रतिदिन सुबह-शाम भजन, पूजन एवं आरती के कार्यक्रम होंगे। परिसर में गणपति की स्थापना को सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण की भावना से जोड़ते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सभी के जीवन से विघ्न दूर करने तथा समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की।