प्रकृति से सृजन – झील की घास से नवाचार तक , प्रयोग बना आकर्षण का केंद्र
उदयपुर : पर्यावरण संरक्षण और नवाचार के क्षेत्र में महाराणा मेवाड़ विद्या मंदिर, उदयपुर के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। 22 नवंबर 2026 को आयोजित क्लाइमेट एक्शन चैलेंज 2026 के फाइनल में उदयपुर की 30 टीमों के बीच विद्यालय की टीम ‘ब्लू रूट्स’ ने अपनी अभिनव परियोजना ‘हाइड्रा रिवाइव – फ्रॉम वेस्ट टू वर्थ’ के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय की दूसरी टीम ‘सस्टेनेबल सेवियर्स’ ने भी अपशिष्ट प्रबंधन श्रेणी में अपनी परियोजना प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती दीपा सिंह के निर्देशन में टीम ‘ब्लू रूट्स’ के प्रतिभागियों आरव पारिख, दृति सिसोदिया, योगांश यादव और भुवादित्य सिंह राणावत ने फतेहसागर झील में पाई जाने वाली हाइड्रिला नामक जलीय वनस्पति से पर्यावरण-अनुकूल कागज बनाने का अभिनव प्रयोग प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने इस कागज से डायरियाँ, विजिटिंग कार्ड, प्रमाणपत्र एवं सजावटी फूल तैयार किए। इसके अतिरिक्त, हाइड्रिला से निर्मित धूपबत्तियाँ, फ्रिज मैग्नेट, चमड़े जैसी सामग्री तथा मिट्टी जैसे मिश्रण के नमूने भी प्रदर्शित किए। इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों ने अनुपयोगी जलीय वनस्पति को उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करने के साथ-साथ अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया।
परियोजना को निर्णायकों एवं आगंतुकों से विशेष सराहना मिली। इसकी व्यावसायिक संभावनाओं को देखते हुए कुछ आगंतुकों ने उत्पादों को अपने व्यवसाय में शामिल करने में रुचि दिखाई तथा व्यावसायिक सहयोग एवं आर्थिक सहायता के प्रस्ताव भी दिए।
विद्यालय की दूसरी टीम ‘सस्टेनेबल सेवियर्स’ की आराध्या सिंह, भावीशा लोढ़ा, धन्वी दीक्षित और नंदिनी सिंह ने मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती नेहा राजपाल के निर्देशन में संगमरमर की कटाई से निकलने वाली स्लरी से जैव-अवक्रमणीय स्टोन पेपर बनाने की परियोजना प्रस्तुत की। इसमें संगमरमर के अपशिष्ट को लकड़ी के गूदे के विकल्प के रूप में उपयोग करने की अवधारणा रखी गई, जो अपशिष्ट के पुनः उपयोग की दिशा में एक सार्थक पहल है।
समारोह में मुख्य अतिथि सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर थर्ड स्पेस की निदेशक श्रीमती नंदनी सिंघल ने सभी प्रतिभागी टीमों को सम्मानित किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने दोनों टीमों के विद्यार्थियों एवं उनकी मार्गदर्शक शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान दोनों टीमों को आवश्यक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय चुनौतियाँ लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों द्वारा अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार के माध्यम से इन चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करना अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।
क्लाइमेट एक्शन चैलेंज 2026 में एमएमवीएम की ‘ब्लू रूट्स’ ने जीता स्वर्ण पदक
