उदयपुर। गीतांजली यूनिवर्सिटी के गीतांजली डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में बीडीएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के स्वागत में ‘सृजन–2026’ 13वें यूजी ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन गीतांजली ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। इस अवसर पर गीतांजली यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आर.के. व्यास, रजिस्ट्रार डॉ. अरविंद कुमार यादव, संयुक्त रजिस्ट्रार भूपेन्द्र जैन, गीतांजली डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर एवं अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. नमित नागर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, नियमों, अनुशासन एवं एंटी-रैगिंग नीति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल कुशल दंत चिकित्सक तैयार करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर उन्हें आदर्श नागरिक बनाना भी है। उन्होंने गीतांजली सूचना प्रणाली (ERP) की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से अभिभावक अपने बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
कुलपति डॉ. आर.के. व्यास ने एंटी-रैगिंग नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान में सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही, उन्होंने मेंटर-मेंटी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलता है। रजिस्ट्रार डॉ. अरविंद कुमार यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गीतांजली ERP प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की
जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक गतिविधियों एवं संस्थान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। व्हाइट कोट सेरेमनी समारोह का विशेष आकर्षण रही। इसमें प्राचार्य, अतिरिक्त प्राचार्य एवं सभी विभागाध्यक्षों ने नवप्रवेशित बीडीएस विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाकर उनकी चिकित्सकीय यात्रा की शुरुआत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य एवं गायन प्रस्तुत किए। विभिन्न क्षेत्रीय लोकनृत्यों ने समारोह में उत्साह भरने के साथ विविधता में एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अशप्रीत कौर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल, कुलपति डॉ. आर.के. व्यास, रजिस्ट्रार डॉ. अरविंद कुमार यादव, प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर एवं अतिरिक्त प्राचार्य डॉ.नमित नागर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, संकाय सदस्यों, प्रशासनिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. डेविन अर्नोल्ड एवं डॉ. अशप्रीत कौर के समन्वय एवं मार्गदर्शन में डेंट-कली क्लब के सदस्यों के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुआ। इस आयोजन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक यात्रा का प्रेरणादायी शुभारंभ किया।
गीतांजली डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में ‘सृजन–2026’ 13वें यूजी ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन
