वित्त वर्ष 2022 के बाद किसानों की औसत वार्षिक आय में 46.8 प्रतिशत की वृद्धि
प्रति बीघा औसत उत्पादकता 1,873 किलोग्राम से बढ़कर 4,833 किलोग्राम पहुंची
उदयपुर। विश्व की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रमुख परियोजना ‘समाधान’ के माध्यम से लगातार कार्यरत है। इस पहल के तहत वित्त वर्ष 2022 से किसानों की औसत वार्षिक आय में 46.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कार्यक्रम राजस्थान के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और राजसमंद जिलों के 188 गांवों में संचालित किया जा रहा है।
‘समाधान’ हिंदुस्तान जिंक की कृषि आधारित आजीविका परियोजना है, जिसे बायफ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सस्टेनेबल खेती, पशुपालन विकास, जलवायु अनुकूल कृषि, संस्थागत क्षमता निर्माण और बेहतर बाजार संपर्क के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर केंद्रित है। किसान उत्पादक कंपनियों (एफपीसी) और किसान समूहों के जरिए किसानों को बेहतर कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, तकनीकी मार्गदर्शन, पशुधन सेवाएं और बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।

वित्त वर्ष 2025 में इस कार्यक्रम से 35,000 किसानों को लाभ मिला। इनमें 13,000 से अधिक किसानों ने 5,500 एकड़ भूमि पर उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाया, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि हुई। पशुपालन क्षेत्र में भी कार्यक्रम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 34,638 पशुओं को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जबकि नस्ल सुधार कार्यक्रम में 91 प्रतिशत सफलता दर्ज की गई। सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय कर किसानों के लिए 4 करोड़ रुपये की सहायता जुटाई गई, जिससे 9,972 किसानों को लाभ पहुंचा और परिवारों की आजीविका के अवसर मजबूत हुए।
उदयपुर जिले के जावर क्षेत्र की नरबदा देवी और गड़वा गांव के शंकर लाल रावत का उदाहरण समाधान कार्यक्रम के सकारात्मक बदलाव को दर्शाता हैं। नरबदा देवी पहले मक्का और गेहूं की खेती पर निर्भर थीं, जबकि उनके पति मजदूरी कर परिवार की आय में सहयोग करते थे। समाधान कार्यक्रम के तहत उन्होंने ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग और आधुनिक तकनीकों के साथ मिर्च और टमाटर की खेती शुरू की। इससे उन्हें एक सीजन में 1.10 लाख रुपये से अधिक की आय हुई, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और बच्चों की शिक्षा में भी मदद मिली। वहीं शंकर लाल रावत, जो पहले पारंपरिक खेती से सीमित आय अर्जित करते थे, समाधान कार्यक्रम से जुड़कर उन्नत सब्जी खेती अपनाने में सफल रहे। प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और बेहतर बाजार संपर्क की मदद से उन्होंने टमाटर और मिर्च की खेती से 1.10 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि सही तकनीक, ज्ञान और सहयोग किसानों की आय और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा सकता है।
राजस्थान की चुनौतीपूर्ण जलवायु को देखते हुए समाधान कार्यक्रम के तहत सूखा-सहिष्णु और अधिक उपज देने वाली फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इनमें मक्का, बायो-फोर्टिफाइड गेहूं, ज्वार, बाजरा, तिलहन और मूंगफली जैसी फसलें शामिल हैं। इन प्रयासों से कृषि जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ जल संकट और बदलती जलवायु से जुड़े जोखिमों को कम करने में मदद मिल रही है।
तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देते हुए किसानों को सौर ऊर्जा आधारित कीट नियंत्रण उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम हो रही है और लाभकारी कीटों का संरक्षण हो रहा है।
समाधान कार्यक्रम के तहत किसानों में नेतृत्व और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए चार सूक्ष्म उद्यम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 9,972 सदस्य किसानों के साथ छह किसान उत्पादक कंपनियां (एफपीसी) बनाई गई हैं। इनकी कुल शेयर पूंजी 128.89 लाख रुपये है, जबकि वित्त वर्ष 2026 में इनका कारोबार 9.73 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इससे किसानों को बेहतर बाजार और मूल्य श्रृंखला से जुड़ने के अधिक अवसर मिल रहे हैं।
हिंदुस्तान जिंक शिक्षा, कौशल विकास, सतत आजीविका, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक विकास कार्यक्रम चला रही है। कंपनी 4,100 से अधिक गांवों में कार्य करते हुए 26 लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। हिंदुस्तान जिंक अपने 2030 स्थिरता लक्ष्यों के अनुरूप समावेशी विकास और दीर्घकालिक सामाजिक प्रभाव के लिए प्रतिबद्ध है।
