पीएम मोदी ने राजमाता विजयराज के निधन पर जताया शोक, डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को भेजा संवेदना पत्र

उदयपुर | मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार की राजमाता विजयराज कुमारी मेवाड़ के देहावसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को शोक संदेश भेजा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संवेदना पत्र में लिखा कि मां का वात्सल्य और आशीष जीवन की अमूल्य धरोहर होती है। उनके देहावसान से आए सूनेपन की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। पीएम मोदी ने राजमाता विजयराज द्वारा जरूरतमंद लोगों के लिए किए गए सामाजिक कार्यों को याद करते हुए उनके निधन को समाज के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने लिखा कि दिवंगत राजमाता विजयराज परिवार के लिए प्रेरणा और शक्ति का स्रोत थीं, और उनके जीवन मूल्य व संस्कार सदैव परिवार के साथ रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने ईश्वर से शोकाकुल मेवाड़ परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति व धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। इसके लिए डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। दिवंगत राजमाता को सिटी पैलेस पहुंचकर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, नगर निगम-यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने श्रद्धांजलि अर्पित की।