श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने परिवार सहित श्री लक्ष्मीजी मंदिर में किए दर्शन

मेवाड़वासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए की मंगलकामना
उदयपुर।
मेवाड़ की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए दीपावली महापर्व पर 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपने परिवार सहित प्राचीन श्री लक्ष्मीजी मंदिर पहुँचे। यहाँ उन्होंने विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ माँ लक्ष्मी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा समस्त मेवाड़वासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली के लिए मंगलकामना की।


उनके साथ धर्मपत्नी श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़, पुत्र महाराज कुमार हरितराज सिंह मेवाड़ तथा सुपुत्रियाँ बाईजीलाल मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ एवं बाईजीलाल प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ भी उपस्थित रहीं। परिवार के सभी सदस्यों ने माँ लक्ष्मी के दर्शन कर प्रदेश के सर्वमंगल की प्रार्थना कर आशीर्वाद लिया।


मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर के पुजारी ने श्रीजी हुजूर और मेवाड़ परिवार को परंपरानुसार आशीर्वाद स्वरूप आशीका भेंट की। इस अवसर पर दीपोत्सव समिति एवं मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों ने मेवाड़ राजपरिवार का उत्साहपूर्वक आत्मीय अभिनंदन किया। दीपावली के इस पावन अवसर पर श्री लक्ष्मीजी मंदिर में राजपरिवार की उपस्थिति ने मेवाड़ की प्राचीन आस्था, धार्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को पुनः अभिव्यक्त किया।